14 मार्च से लगा खरमास, अगले एक महीने तक करें ये काम, जीवन में शुभ फलों की होगी प्राप्ति

सूर्य जब मीन और धनु राशि में गोचर करता है तब खरमास लग जाता है। इसको मलमास के नाम से भी जाना जाता है। आपको बता दें कि 14 मार्च यानी आज से खरमास का महीना शुरु हो गया है। खरमास में कोई भी मांगलिक कार्यक्रम नहीं किया जाता है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार खरमास का आध्यात्मिक रूप से बेहद खास महत्व बताया गया है। अगर इस महीने में जप, तप, दान किया जाए तो इससे कई जन्मों तक शुभ फल की प्राप्ति होती है।

अगर आप खरमास में कुछ उपाय करते हैं तो इससे जीवन में अपार पुण्य फल मिलता है और ईश्वर की कृपा भी प्राप्त होती है। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से खरमास के महीने में कौन से कार्य करना फायदेमंद होता है इसके बारे में जानकारी देने जा रहे हैं।

शुभ फलों की प्राप्ति के लिए

अगर आप अपने जीवन में शुभ फल की प्राप्ति करना चाहते हैं तो इसके लिए खरमास के महीने में दान, जप, तप आदि धार्मिक कार्य करना अत्यधिक शुभ माना गया है। ऐसी मान्यता है कि जो मनुष्य अपने पवित्र मन से दान करता है उसकी सभी इच्छाएं पूर्ण हो जाती हैं। अगर आप खरमास में रोजाना नियमित रूप से शालिग्राम भगवान का पंचामृत से अभिषेक करेंगे तो इससे जीवन में शुभ फलों की प्राप्ति होगी।

ग्रह-नक्षत्र से शुभ फल प्राप्ति के लिए

खरमास के महीने में तुलसी पूजा का अत्यधिक महत्व बताया गया है। ऐसा माना जाता है कि अगर खरमास के महीने में रोजाना नियमित रूप से तुलसी के समक्ष सुबह और शाम दीपक जलाया जाए और तुलसी की विधि-विधान पूर्वक पूजा की जाए तो इससे ग्रह-नक्षत्र से शुभ फल की प्राप्ति होती है और जीवन में समृद्धि आती है। इसके अलावा खरमास माह में गुरुजनों, साधु-संतों और गाय की सेवा करने का बहुत अधिक महत्व माना गया है।

आर्थिक तंगी से छुटकारा पाने के लिए

खरमास माह में पीपल की पेड़ की पूजा करने का भी विधान है। ऐसा माना जाता है कि अगर खरमास माह में पीपल के वृक्ष पर सुबह जल और शाम के समय दीपक जलाया जाए तो इससे देवता प्रसन्न होते हैं, इतना ही नहीं बल्कि पीपल के पेड़ में पितरों का वास भी होता है इसलिए पितर भी प्रसन्न होते हैं। अगर खरमास के महीने में पीपल के पेड़ की पूजा की जाए तो इससे कर्ज से भी छुटकारा प्राप्त होता है और आर्थिक परेशानियां दूर हो जाती हैं।

जीवन में सुख-समृद्धि पाने के लिए

अगर आप अपने जीवन में सुख-समृद्धि पाना चाहते हैं तो इसके लिए खरमास माह में यह ज्योतिषीय उपाय कर सकते हैं। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार खरमास के दौरान भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी जी के साथ साथ सूर्य भगवान की भी उपासना करनी चाहिए। अगर ऐसा किया जाए तो इससे देवी-देवता प्रसन्न होते हैं और उनका आशीर्वाद प्राप्त होता है। इतना ही नहीं बल्कि इस ऐसा करने से जीवन में सुख-समृद्धि का आगमन होता है और घर-परिवार में धन की देवी माता लक्ष्मी जी का भी वास होता है। भगवान की कृपा से जीवन की बहुत सी परेशानियां दूर हो जाती है और जीवन खुशहाल बनता है।