कार्तिक पूर्णिमा पर करें ये काम, मां लक्ष्मी होंगी प्रसन्न, जीवन में धन सुख की होगी प्राप्ति

शास्त्रों और पुराणों के अनुसार देखा जाए तो कार्तिक पूर्णिमा का बहुत महत्व माना गया है। इस बार कार्तिक पूर्णिमा का त्यौहार 30 नवंबर 2020 सोमवार को है। रोहिणी नक्षत्र में स्नान, दान के साथ यह पर्व मनाया जाएगा। कार्तिक पूर्णिमा के दिन दान, हवन, जप, तप जैसे धार्मिक कार्यों का बहुत विशेष महत्व माना जाता है। कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी जी की पूजा की जाती है। शास्त्रों में इस बात का उल्लेख किया गया है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन स्नान और दान करने से व्यक्ति को कई गुना लाभ मिलता है। ऐसा भी बताया जाता है कि इस दिन किसी पवित्र नदी अथवा जल कुंड में स्नान अवश्य करना चाहिए। आपको बता दें कि कार्तिक पूर्णिमा पर सर्वार्थसिद्धि नाम का योग बन रहा है इसके साथ ही वर्धमान योग भी लगेगा, यह बुरे योग और नक्षत्रों को दूर करने वाला बताया जाता है। अगर आप इस योग में कुछ कार्य करते हैं तो इससे आपको कई गुना अधिक फल की प्राप्ति होती है। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से कार्तिक पूर्णिमा के दिन क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए? इसके बारे में जानकारी देने जा रहे हैं।

कार्तिक पूर्णिमा पर करें यह काम

महालक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए

कार्तिक पूर्णिमा का दिन बहुत ही शुभ दिन होता है। इस दिन दीपदान, पूजा, तप और दान करने का विशेष महत्व बताया गया है। अगर आप इस शुभ दिन प्रातः काल हवन करके सत्यनारायण की कथा सुनते हैं और प्रसाद बांटते हैं तो इससे आपको शुभ फल की प्राप्ति होती है। कार्तिक पूर्णिमा के दिन आप अपने घर के मेन गेट पर आम के पत्तों का तोरण बांधे और घर के सामने रंगोली भी बनाइए। अगर आप यह काम करते हैं तो इससे धन की देवी माता लक्ष्मी जी आपसे प्रसन्न होंगी।

पीपल के पेड़ की पूजा

ऐसा माना जाता है कि पीपल के पेड़ में लक्ष्मी जी का वास होता है। अगर आप माता लक्ष्मी जी को प्रसन्न करना चाहते हैं तो इसके लिए पीपल के पेड़ की पूजा कीजिए। आप चारों तरफ दीपक जलाएं इससे माता लक्ष्मी जी की कृपा आपके ऊपर बनी रहेगी।

5 दीपक शिव परिवार के नाम जलाएं

सर्वार्थ सिद्धि योग में कार्तिक पूर्णिमा लग रहा है। अगर आप इस शुभ दिन देवों के देव महादेव की पूजा करते हैं तो जीवन में शुभ फल की प्राप्ति होगी। आप शिवलिंग पर जल में दूध मिलाकर अर्पित कीजिए इसके बाद आप 108 बार ओम नमः शिवाय मंत्र का जाप कीजिए, इसके साथ ही 5 दीपक शिव परिवार के नाम भी जलाएं। ऐसा करने से भगवान शिव जी की कृपा प्राप्त होगी।

कार्तिक पूर्णिमा पर ना करें ये काम

  • कार्तिक पूर्णिमा के पवित्र दिन आप लहसुन, प्याज, मांस, अंडा आदि जैसी चीजों का सेवन करने से बचें।
  • कार्तिक पूर्णिमा के दिन ब्रह्मचर्य का पालन करना जरूरी है क्योंकि अगर इस दिन जो व्यक्ति शारीरिक संबंध बनाता है उसको चंद्रमा के दुष्प्रभावों का सामना करना पड़ता है।
  • कार्तिक पूर्णिमा के दिन आप अपने घर में किसी भी प्रकार का वाद-विवाद ना करें। इस दिन भूलकर भी घर का माहौल खराब नहीं करना चाहिए।
  • कार्तिक पूर्णिमा के दिन मदिरा का सेवन नहीं करना चाहिए। अगर कोई व्यक्ति इस दिन मदिरा का सेवन करता है तो वह अहंकार की तरफ चला जाता है।