शनि दोष दूर करने के लिए मकर संक्रांति पर इन चीजों का करें दान, करियर में भी मिलेगा फायदा

हिंदू शास्त्रों के अनुसार देखा जाए तो मकर संक्रांति के दिन दान के साथ-साथ पूजा पाठ करने का बहुत महत्व माना गया है। मकर संक्रांति पर सूर्य उत्तरायण हो जाते हैं। ऐसा माना जाता है कि यदि मकर संक्रांति के दिन दान किया जाए तो इससे कई गुना अधिक फल की प्राप्ति होती है। इस बार मकर संक्रांति का पर्व 14 जनवरी को मनाया जाएगा। इस दिन गंगा स्नान, पूजा-पाठ के साथ-साथ दान पुण्य जैसे कार्य बेहद शुभ माने जाते हैं। अगर आप इस दिन कुछ चीजें दान करते हैं तो इससे जीवन में सुख-समृद्धि आती है और दान की गई वस्तु से कई गुना अधिक आपको लाभ मिलता है।

आज हम आपको इस लेख के माध्यम से मकर संक्रांति पर कुछ खास चीजों के बारे में जानकारी देने जा रहे हैं, जिनका अगर आप दान करेंगे तो इससे शनि दोष दूर हो जाएंगे, इतना ही नहीं बल्कि आपके करियर में शानदार प्रगति भी देखने को मिलेगी। तो चलिए जानते हैं मकर संक्रांति के अवसर पर क्या-क्या चीजें दान करने से लाभ मिलेगा।

तिल का दान करने से शनि दोष होगा खत्म

मकर संक्रांति के दिन तिल के लड्डू खाए जाते हैं और तिल के अन्य पकवान का भी सेवन किया जाता है। इसके साथ ही तिल का दान भी महादान बताया गया है। तिल शनिदेव से संबंधित होता है। यदि आप मकर संक्रांति पर तिल का दान करते हैं तो इससे शनि दोष से छुटकारा मिलता है। ऐसा माना जाता है कि नाराज सूर्य भगवान को प्रसन्न करने के लिए उनके पुत्र शनि देव ने काले तिलों का ही इस्तेमाल किया था। इसी वजह से मकर संक्रांति पर तिल का दान करना बहुत ही शुभ माना गया है। इससे शनि दोष खत्म होगा और सूर्य भगवान भी आपसे प्रसन्न होंगे।

गुड़ और घी का दान

शास्त्रों के अनुसार देखा जाए तो गुड़ और घी दोनों को ही गुरु से संबंधित माना गया है। इस बार मकर संक्रांति विशेष संयोग में मनाई जाएगी और इस दिन गुरुवार दिन पड़ रहा है। ऐसे में अगर आप गुड़ और घी का दान करते हैं तो इससे आपको फायदा मिलेगा। करियर को नई ऊंचाइयों और रफ्तार देना चाहते हैं तो शुद्ध घी का दान करें और शनि दोष और गुरु दोष से मुक्ति पाना चाहते हैं तो इस दिन गुड़ का दान कीजिए।

खिचड़ी का दान

मकर संक्रांति के दिन खिचड़ी का सेवन करने का बहुत महत्व माना गया है। अगर आप मकर संक्रांति पर खिचड़ी का दान करते हैं तो इससे आपको शुभ फल की प्राप्ति होती है। इस दिन आप दाल और चावल की खिचड़ी खाएं और दान करें। अगर आप काली उड़द की दाल के साथ चावल मिलाकर खिचड़ी बनाकर दान करते हैं तो इससे शनि दोष दूर होता है। आप कच्ची खिचड़ी दान करना चाहते हैं तो उड़द की दाल, चावल, हल्दी, नमक और देसी घी को अलग बर्तन में रख कर दान करें। उड़द शनि का प्रतीक माना जाता है। अगर आप इसका दान करेंगे तो शनि दोष से शीघ्र ही छुटकारा मिलेगा।

काली चीजों का दान करें

आप मकर संक्रांति पर काली चीजें जैसे काला कंबल, काले कपड़े या अन्य जरूरत का सामान दान कर सकते हैं इससे शनि दोष से छुटकारा मिलता है इतना ही नहीं बल्कि राहु का प्रभाव भी आपके जीवन से दूर हो जाएगा।