9 साल तक सुनील शेट्टी ने किया था माना से शादी के लिए इंतज़ार, जानिए कपल की फिल्मी लव-स्टोरी

बॉलीवुड के गलियारों में आपने कई ऐसी लव स्टारी देखीं होंगी जो उम्र के साथ या तो फीके पड़ जाते हैं या फिर कुछ ताउम्र साथ रहते हैं। हालांकि बॉलीवुड में आपने कई रिश्तों को बुरी तरह टूटते हुए भी देखा होगा। खासकर मौजूदा समय में जब हर तरफ सिलेब्रिटीज के ब्रेकअप और तलाक की खबरें सामने आ रही हैं। तो वहीं दूसरी ओर असल जिंदगी में कुछ सिलेब्रिटीज ऐसे भी हैं, जिन्‍होंने फैंस को प्‍यार को नई परिभाषा दी है। दरअसल हम बात कर रहे हैं बॉलीवुड के अन्ना यानी सुनील शेट्टी की लव स्टोरी की जो किसी फ़िल्मी कहानी से कम नहीं है।

शादी के बाद मान ने बदला नाम-

बॉलीवुड अन्ना सुनील शेट्टी और उनकी पत्नी माना शेट्टी का रिश्ता ऐसा रिश्ता है जिसने अपने शुरुआती दिनों से ही कई स्ट्रगल को झेला है। हालांकि समय के साथ साथ इस खूबसूरत रिश्ते की डोर और भी मजबूत होती रही। एक-दूसरे को समझते हुए आज दोनों न सिर्फ एक-दूसरे की बड़ी हिम्मत हैं बल्कि इस कपल ने उस कहावत को भी साबित कर दिखाया है कि प्यार एक आग का दरिया है और इसमें डूबकर ही पार जाना है। आपको बता दें कि माना शेट्टी का नाम शादी से पहले मोनिशा कादरी था। दोनों की पहली मुलाकात मुंबई की एक पेस्ट्री शॉप में हुई थी।

पहली नज़र में दोनों को हुआ प्यार-

आपको बता दें कि सुनील शेट्टी और माना शेट्टी पहली नज़र में ही एक दूसरे को प्यार कर बैठे थे। इतना ही नहीं मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो सुनील शेट्टी ने अपने दिल की बात माना तक पहुंचाने के लिए पहले उनकी बहन से दोस्ती की थी। जिसके बाद किसी फिल्‍मी सीन की तरह दोनों की नजरें पहली बार एक पेस्‍ट्री शॉप पर मिली। पेस्‍ट्री शॉप में पहली बार जब सुनील ने मोनिशा कादरी को देखा तो वो अपना दिल हार बैठे। फिर उन्‍होंने वही किया, जो उस दौर में कोई भी लड़का करता है।

शादी में धर्म बना अड़चन-

लगातार मुलाकातों के बाद धीरे-धीरे माना और सुनील एक-दूसरे के नज़दीक आ गए और बात शादी तक पहुंच गई। लेकिन हम सब जानते हैं कि हमारे देश में प्‍यार की राह में अगर सबसे ज्‍यादा अड़चन किसी चीज ने डाली है तो वह है संस्‍कृति, धर्म और जाति। सुनील की लव स्‍टोरी में भी यही हुआ था। दरअसल सुनील जहां कर्नाटक के तुलू भाषी परिवार से थे वहीं माना आधी पंजाबी और आधी मुसलिम परिवार से ताल्लुक रखती थीं। दोनों के कल्चर में जमीन-आसमान का फर्क था और यही बात दोनों के परिवार वालों को पसंद नहीं थी।

9 साल बाद हुई दोनों की शादी-

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों के घरवाले इस शादी के खिलाफ थे लेकिन सुनील और माना एक दूसरे को अपना मान चुके थे। दोनों ने अपने परिवार वालों को समझाने की पूरी कोशिश की लेकिन कपल के हाथ निराशा ही लगी। ऐसे हालात में जहां रिश्ते या तो खत्म हो जाते हैं या फिर आगे बढ़कर शादी कर लेते हैं।

लेकिन सुनील और माना न तो परिवार को धोखा देना चाहते थे ना ही अपने आप को। इसलिए दोनों ने तीसरा रास्ता निकाला और समय का इंतजार किया। आपको जानकर हैरानी होगी कि  सुनील शेट्टी ने पूरे 9 सालों तक माना का इंतज़ार किया और आखिरकार 25 दिसंबर 1991 को दोनों हमेशा के लिए एक हो गए। बता दें कि माना एक बिज़नस वुमन हैं और उनके बच्चे आथिया और अहान शेट्टी फिल्मों में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।