गुटखा खाओ इनाम पाओ, मिलेंगे 7 पुरस्कार! सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा IAS अधिकारी का पोस्ट

जैसा कि हम सभी लोग जानते हैं गुटखा स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होता है। भारत में ज्यादातर लोग ऐसे हैं जो गुटखा का सेवन करते। आए दिन लोगों को पान की दुकान और सार्वजनिक जगहों पर तंबाकू, गुटखा जैसी नशीली वस्तुओं का सेवन करते हुए देखा जाता है। लेकिन जो लोग गुटखा खाते हैं वह यह बात जानते होंगे कि गुटखा के पैकेट पर सावधानियां लिखी होती हैं। इसके साथ ही यह भी लिखा होता है कि गुटखा खाने से कैंसर होता है।

गुटखा के अलावा तंबाकू, बीड़ी, सिगरेट पीने से भी कैंसर होता है। लेकिन मोटे-मोटे अक्षरों में चेतावनी लिखे होने के बावजूद भी लोग इसका खूब सेवन करते हैं। बहुत से लोग तो ऐसे हैं जो कूल बनने के लिए गुटखा का सेवन करते हैं और सिगरेट पीते हुए भी अक्सर लोग दिख जाते हैं। लोगों को जब तक कोई परेशानी नहीं होती, तब तक वह इसे छोड़ने की बात तक नहीं करते।

सरकार भी समय-समय पर लोगों को जागरूक करने के लिए कदम उठाती रहती है। वहीं एनजीओ भी अपने क्रिएटिव कैंपेन के माध्यम से लोगों को इस बुरी लत से उनका पीछा छुड़ाने में सहायता करती है। फिलहाल, गुटखा से छुटकारा दिलाने वाला एक कमाल का आइडिया सोशल मीडिया पर छाया हुआ है, जिसे देखने के बाद आप भी वाह-वाह करेंगे।

गुटखा खाओ-पुरस्कार पाओ

जो लोग गुटखा और तंबाकू का सेवन करते हैं उनके लिए आज हम एक तस्वीर लेकर आए हैं। दरअसल, यह तस्वीर गुटखा से छुटकारा दिलाने के लिए है। इन दिनों यह फोटो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। इस तस्वीर को IAS अधिकारी अवनीश शरण ने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर साझा किया है। आईएएस अधिकारी अवनीश शरण ने तस्वीर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा “बढ़िया आईडिया है।” आप इस फोटो में देख सकते हैं कि दीवार पर कुछ लिखा हुआ नजर आ रहा है।

दरअसल, इस तस्वीर में गुटखा खाने वालों को पुरस्कार मिलने की बात दीवार पर लिखी हुई दिख रही है। तस्वीर के माध्यम से यह बताया गया है कि गुटखा खाने वालों को धीरे-धीरे 7 तरह के पुरस्कार मिलेंगे। इस तस्वीर के जरिए पहले से लेकर सातवें स्थान पर आने वाले लोगों को क्या पुरस्कार मिलेगा, यह सब इसमें बताया गया है। अगर आप इस तस्वीर को देखेंगे, तो आपको भी मजा आ जाएगा।

पुरस्कार देने वाले मुख्य अतिथि होंगे यमराज

आप सभी लोग इस वायरल तस्वीर में देख सकते हैं कि सबसे पहले नंबर पर शख्स को कैंसर का पुरस्कार मिलने की बात लिखी गई है। वहीं दूसरे नंबर पर गले हुए गाल, तीसरे नंबर पर छोटा मुंह, चौथे अवार्ड में जवानी में बुढ़ापा, पंचम पुरस्कार किडनी खराब, छठे पुरस्कार में खांसी कफ।

इसके अलावा अगर गुटखा खाना बंद नहीं किया गया तो आखिरी पुरस्कार के तौर पर इंसान का राम नाम सत्य होना तय है। इस तस्वीर में यह भी बताया गया है कि इसका फार्म कहां मिलेगा। इसमें फॉर्म मिलने का पता पान की दुकान बताया गया है। पुरस्कार स्थान श्मशान घाट बताया गया है। वहीं मुख्य अतिथि के तौर पर यमराज का नाम लिखा गया है।