कहां हैं टीवी की जोधा?, अब लाइमलाइट से दूर पति-बेटे संग ऐसे गुजार रही जिंदगी, देखें परिधि शर्मा की Family Photos

बॉलीवुड के स्टार्स की तरह ही छोटे पर्दे के कलाकार भी बहुत फेमस हैं। छोटे पर्दे के ऐसे बहुत से कलाकार हैं, जो दर्शकों द्वारा काफी पसंद किए जाते हैं। वह अपनी बेहतरीन अदाकारी से लोगों के दिलों में अपने लिए एक अलग ही जगह बना चुके हैं। वहीं अगर हम छोटे पर्दे की अभिनेत्रियों की बात करें तो ऐसी कई अभिनेत्रियां हैं, जिन्होंने अपने अभिनय के दम पर लोगों के दिलों में अच्छी खासी जगह बनाई है। ये अभिनेत्रियां अपने द्वारा निभाए गए किरदार की वजह से घर-घर में मशहूर हो गईं और दर्शकों का भी उन्हें बहुत प्यार मिला। उन्हीं अभिनेत्रियों में से एक परिधि शर्मा (Paridhi Sharma) हैं, जिनको दर्शक आज भी जोधा के नाम से जानते हैं।

शायद ही कोई ऐसा होगा जो टीवी का मशहूर धारावाहिक “जोधा अकबर” की जोधा को भूल पाया हो। इस शो में अभिनेत्री परिधि शर्मा ने जोधा बाई का रोल निभाया था। जोधा बाई बनकर जब परिधि शर्मा छोटे पर्दे पर नजर आईं, तो हर कोई उनकी सादगी और दिलकश अदाओं पर अपना दिल हार बैठा। परिधि शर्मा ने जोधा के रोल में बेहद शानदार अभिनय किया। लेकिन अब यह शो खत्म हो गया परंतु आज भी लोग अभिनेत्री को जोधा के नाम से ही जानते हैं।

परिधि शर्मा ने टीवी का मशहूर धारावाहिक “जोधा अकबर” से अच्छी खासी लोकप्रियता हासिल की और इस शो को लोगों द्वारा काफी पसंद किया गया। 15 मार्च 1987 को इंदौर मध्य प्रदेश में जन्मी परिधि शर्मा ने अपने करियर की शुरुआत टीवी शो “तेरे मेरे सपने” से की थी। इसके बाद वह “रुक जाना नहीं” धारावाहिक में नजर आईं। लेकिन अभिनेत्री को खास पहचान नहीं मिल पाई। परंतु जोधा अकबर धारावाहिक में अकबर की जोधा बनकर अभिनेत्री रातों-रात स्टार बन गई थी।

शो खत्म होने के बाद परिधि शर्मा गुमनामी में चली गईं। ब्रेक लेने के बाद अभिनेत्री ने “ये कहां आ गए हम” और “पटियाला बेब्स” समेत कई शोज में काम किया परंतु उन्हें कुछ खास सफलता हासिल ना हुई। परिधि शर्मा आखरी बार साल 2021-2022 में “चीकू की मम्मी दूर की” में नजर आई थीं। इस शो के बाद से ही वह इंडस्ट्री से दूर हो गईं।