ना हाथ है और ना सुनने की शक्ति, फिर भी नहीं मानी हार, पैर से बनाते हैं ऐसी सुंदर पेंटिंग्स जिसे देख आप कहेंगे “वाह”

जैसा कि हम सभी लोग जानते हैं हर किसी इंसान का जीवन एक जैसा नहीं होता। किसी का जीवन सुख-सुविधाओं और खुशियों से भरपूर होता है तो किसी का जीवन परेशानियों में व्यतीत होता है परंतु ऐसा नहीं है कि कठिन परिस्थितियों और जीवन के हालातों के आगे इंसान को हार मान लेना चाहिए। इंसान को हमेशा अपने जीवन की कठिनाइयों का सामना करना चाहिए।

कई बार ऐसा भी वक्त आ जाता है जब इंसान हिम्मत हार जाता है। वहीं ऐसे में कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो हर परिस्थिति में कैसे उठकर खड़े होना है, इसकी सीख दे जाते हैं। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से गौकरण पाटिल की कहानी बताने जा रहे हैं। गौकरण पाटिल जन्म से ही बिना हाथों के हैं लेकिन इनको बचपन से ही पेंटिंग करने का बहुत शौक था।

हाथ ना होने के बावजूद भी गौकरण पाटिल ने अपने पेंटिंग करने के सपने को टूटने नहीं दिया। छत्तीसगढ़ के रहने वाले गौकरण पाटिल अपने पैरों से बेहद खूबसूरत पेंटिंग बनाते हैं, जिसकी हर जगह तारीफ हो रही है। गौकरण पाटिल ने कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ अपने पैरों का इस्तेमाल करते हुए पेंटिंग बनाना शुरू किया। यह सुन पाने में भी सक्षम नहीं है परंतु इन्होंने रंगो के जरिए अपने जीवन की कमी को पूरा कर दिया।

इन दिनों गौकरण पाटिल सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। इस तरह की भयानक शारीरिक कठिनाइयां होने के बावजूद भी गौकरण पाटिल को कभी भी अपने जीवन से शिकायत नहीं रही। हाथ नहीं होने की वजह से यह अपने पैरों से ही सभी कार्य करते हैं और पैरों से ही बेहद खूबसूरत पेंटिंग बनाते हैं, जो शायद आप और हम अपने हाथों से भी नहीं बना सकते।

सोशल मीडिया पर गौकरण पाटिल के साथ-साथ उनकी पेंटिंग्स की भी खूब चर्चा हो रही है। उनकी कहानी को ट्विटर पर एक आईएएस ऑफिसर प्रियंका शुक्ला ने साझा किया है। उन्होंने अपने फॉलोअर्स के साथ गौकरण की पेंटिंग का वीडियो साझा किया है।

आईएएस ऑफिसर प्रियंका शुक्ला ने एक पेंटिंग का वीडियो साझा करते हुए कैप्शन में यह लिखा है कि “इस वीडियो में पेंटिंग कर रहे छत्तीसगढ़ के आर्टिस्ट गौकरण पाटिल-श्रवणबाधित हैं और उनके हाथ भी नहीं हैं। फिर भी यह अपने परिश्रम से निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। श्री पाटिल निश्चित तौर पर उन सभी के लिए बड़ी प्रेरणा हैं जो जीवन की छोटी-छोटी समस्याओं से हार मान लेते हैं।”

प्रियंका शुक्ला ने गौकरण पाटिल की कुछ और सुंदर पेंटिंग से शेयर की हैं। इसके अलावा उन्होंने इन पेंटिंग्स को खरीदने की इच्छा रखने वालों के लिए डिटेल्स भी शेयर किया है। उन्होंने लिखा है कि “यदि आप में से कोई भी इनकी अनुपम कलाकृति खरीदने में रुचि रखता हो तो कृपया इस email ID/ इन नम्बरों पर सम्पर्क करें। [email protected] 8109015474, 9926905800.”

गौकरण पाटिल की प्रेरणादायक कहानी सोशल मीडिया पर लोगों द्वारा काफी पसंद की जा रही है। सोशल मीडिया पर इनकी पेंटिंग करते हुए जो वीडियो वायरल हो रही है, उस पर लोग अपनी खूब प्रतिक्रिया दे रहे हैं। गौकरण पाटिल की पेंटिंग ज्यादातर कल्चर और संस्कृति पर आधारित होती है।