Pradosh Vrat: आज शुक्र प्रदोष व्रत पर इस विधि से करें पूजा, मिलेगा सौभाग्य का वरदान

27 नवंबर 2020 को शुक्र प्रदोष व्रत किया जाएगा। हर महीने की त्रयोदशी तिथि को शिव व्रत किया जाता है। आपको बता दें कि यह व्रत नाम सप्ताह के दिन के हिसाब से लिया जाता है। आज शुक्रवार का दिन है और आज के दिन प्रदोष व्रत पड़ रहा है, जिसकी वजह से इसको शुक्र प्रदोष व्रत कहा जाएगा। इस दिन देवों के देव महादेव की विशेष पूजा अर्चना की जाती है। ऐसा माना जाता है कि यह दिन भगवान शिव जी को प्रसन्न करने का सबसे उत्तम दिन होता है। यदि प्रदोष व्रत के दिन विधि विधान पूर्वक शिवजी की पूजा की जाए तो इससे शुभ फल की प्राप्ति होती है। प्रदोष व्रत करने से पारिवारिक जीवन में खुशियां बनी रहती हैं। भगवान शिवजी की पूजा करने से सभी प्रकार के रोग-शोक का नाश हो जाता है। आज हम आपको इस लेख के माध्यम से प्रदोष व्रत की पूजा विधि बताने जा रहे हैं।

शुक्र प्रदोष व्रत पूजा विधि | Shukra Pradosh Vrat Puja Vidhi

  • शुक्र प्रदोष के दिन आप सूर्य उदय से पहले उठ जाएँ, उसके पश्चात स्नान कर लीजिए। स्नान करने के बाद आप साफ-सुथरे वस्त्रों का धारण करें। अगर आप गुलाबी रंग के वस्त्रों का धारण करते हैं तो यह बहुत ही शुभ माना जाता है।
  • शुक्र प्रदोष व्रत वाले दिन आप भगवान के समक्ष व्रत का संकल्प कीजिए और धूप, दीप जलाने के पश्चात सूर्य देव को तांबे के लोटे से जल अर्पित करें।
  • आपको इस बात का ध्यान रखना होगा कि शुक्र प्रदोष व्रत के दिन आप निराहार व्रत कीजिए। आप जल का सेवन कर सकते हैं।

  • प्रदोष व्रत के पूरे दिन आप भगवान शिव जी का ध्यान कीजिए और शिव जी के पंचाक्षर मंत्र ओम नमः शिवाय का मन ही मन जाप करें।
  • प्रदोष काल में शाम के समय आप भगवान शिवजी की पूजा आरंभ कीजिए। सबसे पहले आप दूध, दही, घी, शहद और शक्कर से पंचामृत बना लीजिए और शिव जी को स्नान करवाएं। जब आप पंचामृत से स्नान करवा लें तब शिव जी का शुद्ध जल से स्नान कराने के बाद मौली, चावल, धूप, दीप, रोली से पूजा कीजिए।
  • आप भगवान शिव जी की पूजा के दौरान चावल की खीर और फल अर्पित कर सकते हैं, इसके बाद आप शुक्र प्रदोष व्रत की कथा पढ़े और सुनें।
  • शुक्र प्रदोष व्रत में पूजा वाले स्थान पर आप आसन बिछाकर ओम नमः शिवाय मंत्र का कम से कम एक माला यानी 108 बार जाप कीजिए।

जानिए प्रदोष व्रत के क्या हैं नियम और कौन सी सावधानियां बरतें

  1. अगर आप प्रदोष व्रत कर रहे हैं तो आपको इस बात का ध्यान रखना होगा कि व्रत वाले दिन आप अपने मन में किसी भी प्रकार के बुरे विचार ना लाएं।
  2. प्रदोष व्रत वाले दिन आप सभी के साथ आदर पूर्वक व्यवहार कीजिए। इस दिन आप किसी को भी गलत शब्द ना बोलें। इस दिन आप अपने माता-पिता, गुरु और बड़े लोगों का सम्मान कीजिए।
  3. प्रदोष व्रत के दिन यदि आपके घर कोई महिला आती है तो आप उसे मिठाई खिलाकर जल भी पिलाएं, इससे आपको अपने व्रत का लाभ मिलेगा।
  4. प्रदोष व्रत के दिन भगवान शिव जी की पूजा करते समय आप काले रंग के वस्त्र ना पहनें।

आपको बता दें कि प्रदोष व्रत सौभाग्य और सुख-समृद्धि प्रदान करने वाला माना जाता है। अगर आप यह व्रत करते हैं तो इससे आपके जीवन की सभी परेशानियां दूर होंगी।