प्रियंका चोपड़ा बनीं मां, डिलीवरी डेट से 12 हफ्ते पहले जन्मा बच्चा अभी रहेगा अस्पताल में भर्ती: रिपोर्ट

बॉलीवुड से हॉलीवुड तक अपनी एक्टिंग का लोहा मनवा चुकीं अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा (Priyanka Chopra) और उनके पति व सिंगर निक जोनस (Nick Jonas) ने सोशल मीडिया के माध्यम से यह बताया है कि वह सरोगेसी के जरिए माता-पिता बने हैं। वैसे कपल ने अपने बच्चे के लिंग का खुलासा नहीं किया है परंतु हालिया रिपोर्ट के अनुसार ऐसा बताया जा रहा है कि प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस ने एक बच्ची का स्वागत किया है।

प्रियंका चोपड़ा और निक जोनास की शादी को 3 साल हो चुके और अब यह कपल सरोगेसी के जरिए माता-पिता बने हैं। इसी बीच प्रियंका चोपड़ा के बेबी को लेकर कई तरह की खबरें निकल कर सामने आ रही हैं। खबरों में ऐसा बताया जा रहा है कि प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस के घर बेटी का जन्म हुआ है। वहीं अब एक और बड़ी खबर निकल कर यह सामने आ रही है कि प्रियंका चोपड़ा के घर पैदा हुई बेटी 15 जनवरी को ही जन्मी थी।

डेली मेल की रिपोर्ट में सूत्र के हवाले से यह जानकारी देते हुए लिखा है कि “प्रियंका-निक की बेटी ने डिलीवरी डेट से 12 हफ्ते पहले साउदर्न केलिफोर्निया हॉस्पिटल में जन्म लिया।” प्री-मैच्योर डिलीवरी की वजह से न्यूबॉर्न बेबी काफी कमजोर है। ऐसी स्थिति में प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस ने यह फैसला किया है कि जब तक बेबी पूरी तरह से स्वस्थ नहीं हो जाती तब तक वह अस्पताल में ही रहेगी।

बताया जा रहा है कि कपल कथित तौर पर अप्रैल में अपने बच्चे की उम्मीद कर रहा था और इसके लिए उन्होंने बकायदा प्लानिंग भी की थी। इस वजह से प्रियंका चोपड़ा ने अपने सभी वर्क कमिटमेंट को पूरा कर लिया था। ताकि वह बच्चे के पैदा होने के बाद मदरहुड को इंजॉय कर सके। प्रियंका चोपड़ा ने बच्चे की दुनिया में आने के एक हफ्ते के पश्चात यह खुशखबरी फैंस के साथ साझा की है।

आपको बता दें कि प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस माता-पिता बनने के बाद काफी खुश हैं और उनके परिवार में खुशी का माहौल बना हुआ है। शादी के बाद से ही लगातार प्रियंका चोपड़ा की प्रेग्नेंसी पर सवाल किए जा रहे थे। कभी उनकी ड्रेस में टमी फैट दिखता तो उसे बेबी बंप समझ लिया जाता था।

आपको बता दें कि प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस ने अपने बच्चे के आगमन की घोषणा करते हुए पोस्ट साझा किया था, जिसमें उन्होंने लिखा था कि “हमें यह पुष्टि करते हुए बहुत खुशी हो रही है कि हमने सरोगेसी के माध्यम से एक बच्चे का स्वागत किया है। हम सम्मान पूर्वक इस विशेष समय के दौरान प्राइवेसी की मांग करते हैं क्योंकि हम अपने परिवार पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं। बहुत-बहुत धन्यवाद।”

बताते चलें प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस ने साल 2018 में उम्मेद भवन पैलेस में अपने-अपने धर्म के अनुसार दो रीति-रिवाजों के अनुसार शादी की थी। शादी के बाद अभिनेत्री अपने पति निक जोनस के साथ अमेरिका के लॉस एंजेलिस में इंजॉय कर रही हैं और अब कपल ने शादी के करीब 3 साल के बाद सरोगेसी के माध्यम से अपने पैरेंटहुड जर्नी की शुरुआत की है।