रियल लाइफ में भी पुनीत राजकुमार थे हीरो, जाते जाते ये नेक काम कर गए अभिनेता

कन्नड़ सिनेमा के पावर स्टार कहे जाने वाले लोकप्रिय अभिनेता पुनीत राजकुमार (Puneeth Rajkumar) साल 2021 में इस दुनिया को हमेशा हमेशा के लिए अलविदा कह कर चले गए। लोगों के दिलों की धड़कन कन्नड़ सुपरस्टार पुनीत राजकुमार का हार्ट अटैक के कारण निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन की खबर ने दक्षिण भारत समेत पूरे देश को स्तब्ध कर दिया था। अगर पुनीत राजकुमार आज इस दुनिया में होते तो वह अपना 49वां जन्मदिन मनाते। पुनीत राजकुमार अब हमारे बीच में नहीं हैं, लेकिन उनकी फिल्में और मुस्कुराता चेहरा आज भी फैंस भुला नहीं पाते।

पुनीत राजकुमार ने बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी और उन्होंने लीड एक्टर के तौर पर ढेर सारी फिल्मों में अभिनय किया है। उन्होंने अपने जबरदस्त अभिनय के दम पर फैंस के दिलों में अपने लिए खास जगह बनाई। पुनीत राजकुमार ने असल जिंदगी में भी हीरे वाले काम किए हैं। आज हम आपको यह उनकी बर्थ एनिवर्सरी पर बताएंगे।

बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट की थी करियर की शुरुआत

पुनीत राजकुमार के जाने से पूरे सिनेमा जगत को काफी धक्का लगा था। पुनीत राजकुमार के फैंस उन्हें उनके पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में उनके सदाशिवनगर स्थित घर के बाहर जमा हुए थे पुनीत राजकुमार ना सिर्फ एक अच्छे अभिनेता थे, बल्कि एक अच्छे गायक भी थे। दिवंगत अभिनेता पुनीत राजकुमार को बचपन से ही एक्टिंग का बहुत शौक था। उन्होंने कई फिल्मों में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट काम भी किया। उन्हें अपने बेहतरीन अभिनय के दम पर साल 1985 में बेस्ट चाइल्ड आर्टिस्ट का नेशनल फिल्म अवार्ड भी मिला।

साल 2002 में फिल्म “अप्पू” से पुनीत राजकुमार ने बतौर अभिनेता अपना करियर शुरू किया था। इस फिल्म में पुनीत राजकुमार ने पहली बार भी गाना गाया था, जिसे दर्शकों का खूब प्यार मिला। पुनीत राजकुमार ने अपने करियर में 30 से भी ज्यादा कन्नड़ फिल्मों में काम किया और उनकी कई फिल्मों ने तो कमाई के सारे रिकॉर्ड भी तोड़ दिए। अभिनेता से फैंस बहुत प्यार करते थे और उन्हें प्यार से अप्पू बुलाया करते थे।

आपको बता दें कि पुनीत राजकुमार दक्षिण भारतीय फिल्मों के सबसे महंगे कलाकारों में से एक थे। उनके चाहने वालों में समाज का हर तबका शामिल था। हालांकि, पुनीत राजकुमार के जीवन का एक और बेहद सकारात्मक और भावनात्मक पहलू भी है। पुनीत राजकुमार परोपकारी स्वभाव के थे। वह जरूरतमंदों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहते थे। पुनीत राजकुमार ने जाते-जाते भी काफी नेक काम किए थे।

पिता की तरह पुनीत भी कर गए थे अपने नेत्र दान

अपने निधन से पहले ही पुनीत राजकुमार एक ऐसा काम कर गए, जिससे उनके ना होने के बाद भी वह दुनिया देख पाएंगे। दरअसल, उन्होंने अपने पिता डॉ राजकुमार को फॉलो करते हुए अपनी आंखें दान करने का फैसला किया था। वह खुद तो चले गए लेकिन उनकी आंखों से अब किसी के अंधेरे जीवन में फिर से रोशनी होगी। पुनीत के पिता और प्रसिद्ध साउथ एक्टर डॉ राजकुमार ने 1994 में पूरे परिवार सहित नेत्रदान किया था। बता दें कि साउथ के फेमस एक्टर डॉ राजकुमार 12 अप्रैल 2006 को 76 साल की उम्र में हार्ट अटैक की वजह से इस दुनिया को छोड़ कर चले गए थे।