21 साल बाद भारत में वापस आया ‘मिसेज वर्ल्ड’ का ताज, 63 देशों की हसीनाओं को पछाड़कर विजेता बनीं सरगम कौशल

सरगम कौशल ने “मिसेज वर्ल्ड 2022” का खिताब अपने नाम कर लिया है। भारत के लिए यह गर्व का क्षण है, क्योंकि 21 साल बाद यह ताज भारत वापस आया है। 18 दिसंबर 2022 को संयुक्त राज्य अमेरिका के लास वेगास में हुई इस प्रतियोगिता में 63 देशों से खूबसूरत हसीनाएं आई थीं, जिनको पछाड़कर सरगम कौशल ने यह खिताब अपने नाम किया। अलग-अलग देशों से आई इन प्रतियोगियों के बीच भारत की सरगम कौशल ने इतिहास रच दिया।

सरगम कौशल की इस जीत से भारत का सिर फक्र से ऊंचा हो गया है। यह भारतीयों के लिए एक गर्व की बात है। इसके बाद सोशल मीडिया पर लोग सरगम कौशल को देश का मान बढ़ाने के लिए बधाई दे रहे हैं। अपने इंस्टाग्राम अकाउंट द्वारा सरगम कौशल ने इस मोमेंट की झलक साझा की है।

सरगम कौशल ने शेयर की इस मोमेंट की झलक

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Mrs. India Inc (@mrsindiainc)

सरगम कौशल ने इस जीत के बाद अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें जूरी द्वारा उन्हें मिसेज वर्ल्ड का ताज पहनाया जा रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि जब “मिसेज वर्ल्ड” का नाम अनाउंस किया गया, तो सरगम कौशल अपना नाम सुनकर हैरान हो जाती हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि सरगम कौशल खिताब लेते वक्त अपने आंसुओं को रोक नहीं पाती हैं। सरगम कौशल ने इस इमोशनल मोमेंट की झलक को साझा करते हुए कैप्शन में यह लिखा है कि “लंबा इंतजार खत्म हुआ, 21 साल बाद हमारे पास ताज वापस आया है!”

चर्चा में गॉर्जियस लुक

वीडियो में देखा जा सकता है कि सरगम कौशल ने पिंक कलर की वी नेक वाली हैवी बॉडी-हगिंग ड्रेस पहनी हुई हैं। उन्होंने डायमंड इयररिंग्स के साथ अपने लुक को कंप्लीट किया। ग्लॉसी न्यूड मेकअप में वह बहुत खूबसूरत लग रही थीं और ताज पहनते वक्त काफी एक्साइटेड और खुश नजर आईं।

21 साल बाद भारत में आया “मिसेज वर्ल्ड” का खिताब

आपको बता दें कि 21 साल पहले भारत ने यह खिताब अपने नाम किया था। अब लंबे इंतजार के बाद भारत में “मिसेज वर्ल्ड” का खिताब आया है। सरगम कौशल से पहले 2001 में यह खिताब हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला अदिति गोवित्रीकर थीं, जो पेशे से एक्ट्रेस व चिकित्सक और मॉडल थीं। इस साल वह ‘मिसेज वर्ल्ड 2022″ की जज के रूप में नजर आई थीं। आदिति गोवित्रीकर ने भी इस ऐतिहासिक जीत के लिए सरगम कौशल को बधाई दी है।

कौन हैं ‘मिसेज वर्ल्ड 2022’ सरगम कौशल?

आपको बता दें कि सरगम कौशल भारत के खूबसूरत राज्य जम्मू और कश्मीर की रहने वाली हैं। उन्होंने इंग्लिश लिटरेचर में पोस्ट ग्रेजुएशन किया हुआ है और पेशे से एक शिक्षक और मॉडल हैं। वह बतौर टीचर विशाखापट्टनम के एक स्कूल में भी काम कर चुके हैं। बाद में एक्ट्रेस ने टीचर के प्रोफेशन को छोड़ मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा था। उनकी शादी साल 2018 में हुई थी और उनके पति लेफ्टिनेंट कमांडर आदित्य मनोहर शर्मा भारतीय नौसेना में काम करते हैं। अपनी शादी के बाद उन्हें मॉडलिंग के प्रति अपने प्यार का एहसास हुआ और उन्होंने एक के बाद एक कई सौंदर्य प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और अब “मिसेज वर्ल्ड” बनकर देश का नाम रोशन कर दिया।