अभी भी सदमे में है सतीश कौशिक की बेटी वंशिका, रो-रोकर मां से बोली- पापा का बर्थडे आया, पर पापा नहीं

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और फिल्ममेकर सतीश कौशिक अब हमारे बीच में नहीं रहे। 9 मार्च को अचानक से ही सतीश कौशिक इस दुनिया को हमेशा हमेशा के लिए अलविदा कह कर चले गए। सतीश कौशिक को इस दुनिया को अलविदा कहे हुए एक महीने से ज्यादा हो चुके हैं लेकिन अभी भी पूरी इंडस्ट्री को इस बात पर भरोसा नहीं हो रहा है कि सतीश कौशिक अब इस दुनिया में नहीं रहे। खासतौर पर उनकी पत्नी और बेटी वंशिका अभी तक इस बात को स्वीकार नहीं कर पाई हैं।

अगर सतीश कौशिक आज जीवित होते तो वह अपना 67वां बर्थडे सेलिब्रेट कर रहे होते। सतीश कौशिक का 13 अप्रैल 2023 को जन्मदिन है। ऐसे में उनका परिवार बहुत दुखी है। खासकर सतीश कौशिक की बेटी वंशिका अपने पिता को बहुत मिस कर रही है। वह अपने पिता को याद कर बार-बार रो रही है। इस बात का खुलासा सतीश कौशिक के भतीजे निशांत कौशिक ने किया है।

सदमे में है पूरा परिवार

सतीश कौशिक के भतीजे निशांत कौशिक ने हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू के दौरान यह बताया कि सतीश जी के बर्थडे पर उनकी पत्नी और बेटी उन्हें बहुत ज्यादा मिस कर रही हैं। निशांत कौशिक ने बताया कि सतीश जी की बेटी वंशिका और चाची जी अभी भी उस दुख से उबरने की कोशिश कर रही हैं। हम मजबूत बने रहने की कोशिश कर रहे हैं और इस कठिन समय से आगे बढ़ने के लिए अच्छी यादों को थामे हुए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से वंशिका हर थोड़ी-थोड़ी देर में रोने लग रही है। वह बार-बार एक ही बात कह रही है कि “पापा का बर्थडे है लेकिन वह यहां है ही नहीं।”

निशांत कहते हैं कि “वंशिका बहुत रो रही है। कल भी रात में रो रही थी, फिर चाची जी ने उसे सुला दिया। चाची जी, वंशिका के सामने खुद को मजबूत रखने की बहुत कोशिश कर रही हैं। वंशिका ने अपने पापा के लिए कार्ड भी बनाया है। यह वक्त हम सबके लिए बहुत मुश्किल वक्त है। हम अभी तक उनके इस तरह चले जाने से सदमे में हैं। उनकी बेटी वंशिका और चाची जी बहुत ज्यादा दुखी हैं। हालांकि, हम सब इससे बाहर आने का प्रयास कर रहे हैं।”

निशांत ने बताया कि “वंशिका बहुत छोटी है। हम उसका ध्यान बंटाने के लिए काफी कुछ कर रहे हैं। लेकिन वह अपने पिता को बहुत याद कर रही है। दोनों के बीच एक खास बंधन था, क्योंकि वह उनके वापस आने का इंतजार करती थीं, ताकि वह एक साथ वीडियो बना सकें। उनका ऐसे अचानक चले जाना उसे मार रहा है।” आपको बता दें कि सतीश कौशिक के निधन के बाद उनकी बेटी वंशिका ने अपना सोशल मीडिया अकाउंट भी डीएक्टिवेट कर दिया था। वंशिका और सतीश कौशिक के बीच एक बेहद खास बॉन्डिंग थी। अब सतीश कौशिक के जाने के बाद वंशिका को काफी खालीपन महसूस होता है। यही वजह है कि उसने सोशल मीडिया को छोड़ दिया है।

जन्मदिन पर देंगे चाचाजी को खास ट्रिब्यूट

निशांत कौशिक ने यह भी बताया कि सतीश कौशिक अपने खास दिन पर अपने दोस्तों अनिल कपूर, अनुपम खेर और बोनी कपूर के साथ टाइम स्पेंड करते थे। वहीं रात में वह अपने परिवार के साथ रहते थे। उन्होंने बताया कि इस बार हमने सोचा कि हम उनके जन्मदिवस पर उन्हें ट्रिब्यूट दें। उनकी लाइफ को हम मिलकर सेलिब्रेट करें। इसलिए हमने कुछ अरेंजमेंट्स किए।