सोनम कपूर ने किया बेटे के नाम का ऐलान, पहली तस्वीर शेयर कर दिखाई झलक

बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री सोनम कपूर अहूजा (Sonam Kapoor Ahuja) इन दिनों अपने बेटे की देखभाल में लगी हुई हैं। बेटे के जन्म से सोनम कपूर का जीवन पूरा हो गया है। अपने बच्चे के जन्म के बाद से ही सोनम कपूर और आनंद आहूजा ने अपने लाडले को मीडिया की चकाचौंध से दूर रखना सुनिश्चित किया है। जब से सोनम कपूर मां बनी हैं, तब से ही एक्ट्रेस के फैंस उनके बेटे की एक झलक पाने को बेताब हैं। लेकिन अब अभिनेत्री सोनम कपूर ने अपने फैंस की यह ख्वाहिश पूरी कर दी है।

जी हां, एक्ट्रेस सोनम कपूर ने आखिरकार अपने चिराग यानी बेटी की तस्वीर फैंस को दिखा दी। इसके साथ ही बेटे के नाम का भी ऐलान किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्यारी सी फैमिली तस्वीर शेयर की, जिसमें वह पति आनंद आहूजा और बेटे के साथ नजर आ रही हैं। यह परफेक्ट फैमिली फोटो है, जिसके साथ ही एक्ट्रेस ने अपनी तमाम फिलिंग्स को भी बयां किया है। तो चलिए सोनम कपूर के लाडले का नाम क्या है और बेबी की फोटो दिखाते हैं।

सोनम कपूर ने दिखाई लाडले की तस्वीर

आपको बता दें कि सोनम कपूर और आनंद अहूजा के बेटे के जन्म को एक महीना पूरा हो गया है और माता-पिता ने इस मौके पर बेटे के साथ पहली तस्वीर शेयर की है, जिसमें देखा जा सकता है कि दोनों पीले रंग के कपड़ों में पोज देते नजर आ रहे हैं। तस्वीर में सोनम कपूर को अपने बेटे को प्यार से निहारते हुए देखा जा सकता है। वहीं उनके बगल में खड़े आनंद आहूजा ने अपने बेटे को अपनी बांहों में उठाया हुआ है। सोनम कपूर ने अपने बच्चे के अनोखे नाम “वायु” का भी खुलासा किया है। एक लंबी चौड़ी पोस्ट में सोनम कपूर ने खुलासा किया कि उन्होंने अपने बेटे के नाम के रूप में “वायु” को क्यों चुना। सोनम कपूर की पोस्ट काफी तेजी से वायरल हो रही है। फोटो पर रिएक्शन देते हुए एक्ट्रेस के फैंस उन्हें बधाई दे रहे हैं और फैमिली फोटो पर प्यार बरसा रहे हैं।

यह लिखा कैप्शन

अभिनेत्री सोनम कपूर ने शेयर किया कि हिंदू शास्त्रों में वायु पंच तत्वों में से एक है। फोटो शेयर करते हुए सोनम कपूर ने कैप्शन में लिखा- “उस शक्ति की भावना में जो हमारी जिंदगी में नया अर्थ फूंकती है। हनुमान और भीम की भावना में, जो अपार साहस और शक्ति का प्रतीक हैं। पवित्र और जीवनदायिनी भावना के रूप में हम अपने बेटे वायु कपूर आहूजा के लिए आशीर्वाद चाहते हैं। हिंदू शास्त्रों में वायु पंच तत्वों में से एक हैं। वह सांस के देवता हैं, हनुमान, भीम और माधव के आध्यात्मिक पिता हैं और वे हवा के अविश्वसनीय रूप से शक्तिशाली स्वामी हैं। वायु और उनके परिवार के लिए आपकी निरंतर शुभकामनाओं और आशीर्वाद के लिए धन्यवाद।”

20 अगस्त को सोनम कपूर और आनंद अहूजा बने माता-पिता

बताते चलें कि 20 अगस्त 2022 को सोनम कपूर और आनंद आहूजा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपने बच्चे के आने की घोषणा की थी। फोटो पोस्टकार्ड में सोनम और आनंद ने दुनिया के साथ माता-पिता बनने के अपने उत्साह को शेयर किया था।