तेजस्वी यादव बने पिता, पत्नी राजश्री ने दिया बेटी को जन्म, बच्ची के साथ पहली तस्वीर शेयर कर दी खुशखबरी

बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) के घर किलकारी गूंजी है। तेजस्वी यादव और पत्नी राजश्री यादव माता-पिता बन गए हैं। राजद सुप्रीमो लालू यादव की छोटी बहू रेचल उर्फ़ राजश्री यादव (Rajshree Yadav) ने एक प्यारी सी बेटी को जन्म दिया है। बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने खुद सोमवार यानी 27 मार्च को सोशल मीडिया पर तस्वीर शेयर कर यह बताया है कि वह एक बेटी के पिता बन गए हैं।

तेजस्वी यादव के घर आई खुशियां

तेजस्वी यादव ने खुद बेटी के जन्म की खबर ट्विटर पर शेयर की है। उन्होंने एक प्यारी सी तस्वीर को साझा किया है, जिसमें वह बच्ची को गोद में लिए हुए नजर आ रहे हैं। तेजस्वी यादव ने खुद ही ट्वीट कर बेटी के जन्म की जानकारी दी है। उन्होंने तस्वीर शेयर कर लिखा “ईश्वर ने आनंदित होकर पुत्री रत्न के रूप में उपहार भेजा है।” राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू यादव और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के पुत्र तेजस्वी यादव के घर बेटी ने जन्म लिया है। बिहार के उपमुख्यमंत्री के घर बेटी पैदा होने की खबर के बाद से ही बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया है।

तेजस्वी यादव की बहन ने भी शेयर की तस्वीर

तेजस्वी यादव के पिता बनने पर परिवार के सदस्यों समेत कई नेताओं ने उनको बधाई दी है। बहन रोहिणी आचार्य ने भी तेजस्वी यादव के पिता बनने पर ट्वीट किया है। रोहिणी आचार्य ने ट्वीट कर कैप्शन में यह लिखा है कि “आज किलकारी गूंजी है मेरे घर-आंगन में, खुशियों का ऐसा तोहफा दिया है ईश्वर ने।”

भाई तेज प्रताप ने भी ट्वीट कर दी बधाई

वहीं भाई तेज प्रताप ने भी ट्वीट करते हुए बधाई दी है। उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर दो तस्वीरें शेयर की है और उन्होंने लिखा है कि “नवरात्र के इस पावन अवसर पर हमारे परिवार में नए सदस्य का आना इस बात का शुभ संकेत है कि शक्ति स्वरूपा मां दुर्गा ने अपना आशीर्वाद दिया है… अब सारी परेशानियां जल्द दूर होगी… मेरे अर्जुन को पुत्री धन प्राप्ति पर ढेरों बधाई…”

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी दी शुभकामनाएं

वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी ट्वीट करते हुए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने लिखा है कि “पवित्र नवरात्र के दिनों में माता रानी के इस आशीर्वाद के लिए आपको एवं आपके पूरे परिवार को बहुत-बहुत बधाई तेजस्वी जी। बिटिया रानी को ख़ूब सारा दुलार एवं आशीर्वाद, ईश्वर आपके परिवार को सदा ख़ुश रखें।”

दिसंबर 2021 में हुई थी शादी

आपको बता दें कि तेजस्वी यादव ने दिसंबर 2021 में राजश्री यादव से शादी की थी। दोनों एक दूसरे को पहले से जानते थे और राष्ट्रीय राजधानी में नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में दोनों की शादी संपन्न हुई थी। शादी में रोहिणी शामिल नहीं हो पाई थीं लेकिन सोशल मीडिया के जरिए बधाई संदेश भेजा था। तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री दिल्ली की रहने वाली हैं। राजश्री और तेजस्वी एक-दूसरे को बचपन से जानते हैं। दोनों ने दिल्ली पब्लिक स्कूल, आर के पुरम से पढ़ाई की है। शादी के बाद Rachel Godinho नाम बदलकर उन्होंने राजश्री यादव रख लिया।