जानिए क्यों माना जाता है झाड़ू को मां लक्ष्मी का स्वरूप? इन नियमों को जानना है जरूरी

हर वस्तु का सकारात्मक और नकारात्मक कोई ना कोई असर हमारे जीवन पर जरूर पड़ता है। ऐसी ही एक चीज है झाड़ू, जो घर से गंदगी को दूर करने यानी साफ सफाई में इस्तेमाल की जाती है। झाड़ू हर घर में रखी हुई मिल जाती है। झाड़ू को मां लक्ष्मी जी का स्वरूप माना जाता है। वास्तु शास्त्र में झाड़ू का विशेष महत्व है। जब घर से गंदगी बाहर जाएगी तो खुद ब खुद स्वच्छता, पवित्रता और धन संपदा अंदर आएगी। जब दरिद्रता बाहर होती है, तभी माता लक्ष्मी जी का प्रवेश होता है। इसी वजह से माता लक्ष्मी जी के स्वरूप में झाड़ू को माना जाता है।

वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर की सुख-समृद्धि में झाड़ू का एक अहम रोल होता है। जिस घर में झाड़ू का ध्यान रखा जाता है, वहां सकारात्मकता पाई जाती है। वास्तु में झाड़ू से संबंधित कुछ नियम बताए गए हैं, जिनका पालन करके आप हर तरह की परेशानियों से छुटकारा प्राप्त कर सकते हैं। आज हम आपको झाड़ू को लेकर किन विशेष बातों का ध्यान रखना चाहिए, इसके बारे में बताने जा रहे हैं।

जानिए झाड़ू से जुड़े हुए नियम

1. यदि आप नई झाड़ू खरीद रहे हैं, तो उसके लिए आप शनिवार का दिन चुन सकते हैं। शनिवार को घर में नई झाड़ू का उपयोग करना बहुत ही शुभ माना जाता है। इसलिए अगर आप पुरानी झाड़ू को बदलना चाहते हैं, तो इसके लिए शनिवार के दिन बदलें।

2. अगर आप नए घर में प्रवेश करने जा रहे हैं, तो आप नई झाड़ू लेकर जाएं, क्योंकि नया घर, नई झाड़ू और नई समृद्धि।

3. वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर में झाड़ू रखने की सही दिशा के बारे में भी बताया गया है। आप घर के नैऋत्य कोण यानी दक्षिण-पश्चिम दिशा में झाड़ू रखें। यदि यह संभव नहीं है, तो ऐसी स्थिति में आप झाड़ू ऐसे स्थान पर रखें जहां पर किसी की नजर ना पड़े यानी घर में रखी हुई झाड़ू किसी को दिखाई नहीं देनी चाहिए।

4. आपको इस बात का ध्यान रखना होगा कि आप झाड़ू को रसोई और अनाज भंडार कक्ष में ना रखें क्योंकि इसकी वजह से बीमारी और दरिद्रता आने लगती है। वहीं आपको एक बात हमेशा ध्यान रखनी होगी कि झाड़ू को कभी भी ना जलाएं।

5. वास्तु शास्त्र के अनुसार, रात के समय कभी भी झाड़ू नहीं लगानी चाहिए। अगर कभी रात में झाड़ू लगानी भी पड़ जाए, तो ऐसे में आप कचरा एक जगह अंदर ही इकट्ठा कर लें और अगले दिन आप उसे फेंक दीजिए।

6. आप इस बात का ध्यान रखें कि घर के अंदर आप झाड़ू को कभी भी खड़ा करके ना रखें, हमेशा झाड़ू को लिटाकर रखना चाहिए।

7. यदि कोई व्यक्ति आपके घर के बाहर जा रहा है, तो उसके जाते ही झाड़ू ना लगाएं। व्यक्ति के जाने से कम से कम आधे घंटे बाद ही झाड़ू लगाना चाहिए।

8. आप इस बात का ध्यान रखें कि झाड़ू पर पैर नहीं लगना चाहिए क्योंकि इससे माता लक्ष्मी जी का अनादर होता है। इसलिए जब भी झाड़ू पर धोखे से पैर लग जाए, तो आप तुरंत भाव के साथ उसे प्रणाम करें और क्षमा मांगे।

9. झाड़ू के संबंध में एक रोचक बात यह भी बताई जाती है कि रात के समय सोने से पहले आप इसे अपने घर के मुख्य द्वार के पास रख कर सो जाएं। इससे घर के अंदर रात के वक्त नकारात्मक शक्तियां प्रवेश नहीं कर पाती हैं।

10. वहीं आपको एक महत्वपूर्ण बात यह भी ध्यान रखनी होगी कि दिवाली के त्यौहार पर धनतेरस वाले दिन आप झाड़ू जरूर खरीदें। साथ ही अपने घर की झाड़ू व पूजा घर की झाड़ू अलग अलग रखना चाहिए।