बॉलीवुड से नाता तोड़ मंदाकिनी अब ऐसी जी रही हैं जिंदगी, देखिए परिवार के साथ तस्वीरें

80 के दशक की मशहूर अभिनेत्री मंदाकिनी को भला कौन नहीं जानता। अभिनेत्री ने बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म “राम तेरी गंगा मैली” में काम किया है और इस फिल्म के माध्यम से उन्होंने अच्छी खासी लोकप्रियता हासिल की है। मौजूदा समय में भी अभिनेत्री मंदाकिनी का बॉलीवुड इंडस्ट्री में एक बड़ा नाम है और उन्होंने फिल्म “राम तेरी गंगा मैली” से दमदार डेब्यू किया था। राज कपूर की इस फिल्मों में मंदाकिनी मुख्य किरदार में नजर आई थीं। इस फिल्म में अभिनेत्री का झरने वाला सीन खूब सुर्खियों में छाया था।

भले ही मंदाकिनी काफी लंबे वक्त से बॉलीवुड इंडस्ट्री से दूर हैं परंतु मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ऐसा बताया जा रहा है कि अभिनेत्री बहुत ही जल्द वापसी कर सकती हैं और कुछ ओटीटी प्लेटफॉर्म से संपर्क में हैं। आपको बता दें कि मंदाकिनी का असली नाम “यास्मिन जोसफ” था और इनका जन्म मेरठ में एक एंग्लो इंडियन परिवार में हुआ था। मंदाकिनी की माताजी इंडियन थीं जबकि पिताजी ब्रिटिश थे। ऐसा बताया जाता है कि मंदाकिनी ने फिल्मों में आने से पहले बहुत ज्यादा संघर्ष किया था। मंदाकिनी को तीन-तीन फिल्ममेकर्स द्वारा रिजेक्ट कर दिया गया था।

मंदाकिनी के जीवन में बहुत से उतार-चढ़ाव आए परंतु उन्होंने हर परिस्थिति का डटकर सामना किया। बाद में मंदाकिनी पर फिल्ममेकर रंजीत विर्क की नजर पड़ी और उन्होंने ही अभिनेत्री का नाम “यास्मीन जोसफ” से बदलकर मंदाकिनी रख दिया था। आपको बता दें कि रंजीत फिल्म “मजलूम” से मंदाकिनी को लांच करने वाले थे परंतु उससे पहले ही मंदाकिनी के ऊपर राज कपूर की नजर पड़ी। उस समय के दौरान मंदाकिनी की उम्र महज 22 वर्ष की थी।

राज कपूर साहब ने मंदाकिनी को देखते ही अपनी फिल्म “राम तेरी गंगा मैली” में मुख्य अभिनेत्री के तौर पर लेने का फैसला कर लिया। यह फिल्म साल 1985 में रिलीज हुई थी और उस दौर में यह फिल्म सुपरहिट रही। इस फिल्म से मंदाकिनी रातों-रात एक बड़ी स्टार बन गई थीं। इस फिल्म के बाद मंदाकिनी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और बहुत ही कम समय में उस जमाने में कई मशहूर अभिनेताओं के साथ उन्होंने फिल्मों में काम किया और अच्छा खासा नाम कमाया।

मंदाकिनी अपने फिल्मी करियर में डांस-डांस, कहां है कानून, प्यार करके देखो आदि जैसी फिल्मों में काम कर चुकी हैं। उनका फिल्मी करियर ठीक-ठाक चल रहा था परंतु अभिनेत्री मंदाकिनी का नाम अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के साथ भी जुड़ गया था। इस रिश्ते को हवा तब लगी जब मंदाकिनी और दाऊद की एक तस्वीर सामने आई थी जो कि शारजाह में एक मैच के दौरान खींची गई थी। इस तस्वीर के बाद मंदाकिनी और दाऊद की नजदीकियों के किस्से सुर्खियों में छाने लगे थे, जिसका असर मंदाकिनी के करियर पर पड़ा था।

बाद में मंदाकिनी ने साल 1990 में एक बौद्ध मौंक डॉ. कग्यूर टी. रिनपो ठाकुर से विवाह कर लिया। शादी के कुछ सालों बाद अभिनेत्री ने बॉलीवुड से दूरियां बना ली। मंदाकिनी अपने परिवार के साथ मुंबई में रहती हैं और अक्सर सोशल मीडिया पर यह अपने बच्चों और परिवार के साथ-साथ अन्य सदस्यों की तस्वीर भी साझा करती रहती हैं। फैंस भी उनकी तस्वीरों को खूब पसंद करते हैं।