50 लाख की अंगूठी से 75 लाख की साड़ी तक, ऐश्वर्या-अभिषेक की रॉयल वेडिंग में खर्च हुए थे करोड़ों, देखें शादी की अनसीन तस्वीरें

बॉलीवुड इंडस्ट्री की ऐसी कई जोड़ियां हैं, जिनकी शादियों ने खूब सुर्खियां बटोरी हैं। इन्हीं में से एक सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के बेटे अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय बच्चन की शादी है। ऐश्वर्या राय और अभिषेक बच्चन इस 20 अप्रैल को शादी की 16वीं सालगिरह मना रहे हैं। इस खास मौके पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

16 साल पहले ऐश्वर्या राय, बच्चन परिवार की बहू बनी थीं। मुंबई में साल 2007 में ऐश्वर्या राय और अभिषेक बच्चन की शादी बड़े ही धूमधाम से हुई थी। इस भव्य शादी की उस समय खूब चर्चा हुई थी। इस शादी पर बच्चन परिवार ने खूब पैसा खर्च किया था। ऐश्वर्या और अभिषेक बच्चन की शादी आज भी सबसे ग्रैंड वेडिंग में शुमार है।

ऐश्वर्या राय और अभिषेक बच्चन की शादी आज भी सबसे ग्रैंड सेलिब्रेशंस में गिनी जाती है। इन दोनों की शादी में पानी की तरह खूब पैसा बहाया गया था। अंगूठी से लेकर आउटफिट तक, सब खासतौर पर डिजाइन करवाया गया था। यह एक दम शाही शादी थी। आज हम आपको ऐश्वर्या और अभिषेक बच्चन की शादी से जुड़ी हुई कुछ दिलचस्प बातें बताने जा रहे हैं।

आपको बता दें कि फिल्म “गुरु” के सेट से ऐश्वर्या राय और अभिषेक बच्चन की लव स्टोरी शुरू हुई थी। उस समय जहां ऐश्वर्या राय अपने करियर के पीक पर थीं। वहीं अभिषेक बच्चन भी इंडस्ट्री में सफलता पाने के लिए संघर्ष कर रहे थे। इन दोनों की शादी को 16 साल हो गए हैं। इतने सालों के सफर में ऐश्वर्या और अभिषेक बच्चन ने जिंदगी में कई उतार-चढ़ाव देखे, मगर दोनों ने कभी भी एक दूसरे का साथ नहीं छोड़ा।

अभिषेक बच्चन एक अच्छे पति और पिता का हर फर्ज निभा रहे हैं। वहीं ऐश्वर्या राय बच्चन भी एक अच्छी बहू, मां और पत्नी साबित हुईं। रिपोर्ट की मानें तो अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय की शादी में 6 से 8 करोड़ रुपए खर्च किए गए थे। खबरों के अनुसार, दोनों के कपड़ों तक पर रियल गोल्ड से कढ़ाई की गई थी। ऐश्वर्या राय ने शादी में मशहूर डिजाइनर नीता लुल्ला की डिजाइन की हुई ट्रेडीशनल गोल्डन कलर की कांजीवरम साड़ी पहनी हुई थी, जिसकी कीमत के बारे में बात करें, तो इस साड़ी की कीमत 75 लाख रुपए बताई जाती है।

आपको बता दें कि ऐश्वर्या राय की इस साड़ी में Swarovski crystals जड़े हुए थे। इसके साथ ही साड़ी के बॉर्डर में गोल्डन कलर के असली धागों से काम किया गया था। वहीं अभिषेक बच्चन ने अबू जानी और संदीप खोसला की डिजाइन की हुई शेरवानी पहनी हुई थी। इस पर भी गोल्ड का काम किया गया था। इसमें अभिषेक बच्चन काफी हैंडसम लग रहे थे।

इतना ही नहीं बल्कि सगाई की अंगूठी पर भी काफी पैसा खर्च किया गया था। फिल्मफेयर की रिपोर्ट की मानें तो ऐश्वर्या राय और अभिषेक बच्चन की सगाई की अंगूठी की कीमत करीब 50 लाख रुपए से भी ज्यादा बताई जाती है।

अगर हम खबरों के अनुसार देखें, तो ऐश्वर्या राय और अभिषेक बच्चन के हाथ में जो मेहंदी लगी हुई थी, वह राजस्थान के सोजत से मंगवाई गई थी। शादी से पहले 15 किलो हिना मेहंदी मुंबई पहुंचा दी गई थी। मेहंदी पहुंचाने में 5 दिन का समय लगा था।