मिलिए बॉलीवुड के कुछ मुंह बोले भाई-बहनों से, जो सगे रिश्ते से बढ़कर निभाते हैं रिश्ता

जैसा कि हम सभी लोग जानते हैं बॉलीवुड इंडस्ट्री से जुड़े हुए ज्यादातर सभी कलाकार अपने कामकाज में काफी व्यस्त रहते हैं। ऐसी स्थिति में वह बहुत मुश्किल से ही एक दूसरे के लिए समय निकाल पाते हैं। ऐसे में कोई भी रिश्ता निभाना हो, तो बहुत मुश्किल हो जाता है। लेकिन आज हम आपको इस लेख के माध्यम से बॉलीवुड के कुछ ऐसे मुंह बोले भाई बहन के बारे में बताने वाले हैं, जिन्होंने सगे से बढ़कर रिश्ता निभाया।

भले ही यह आम दिनों एक दूसरे से नहीं मिल पाते हों, परंतु रक्षाबंधन के त्यौहार पर यह एक दूसरे से मिलना बिल्कुल भी नहीं भूलते हैं। बहनें अपने भाई की कलाई पर राखी जरूर बांधती हैं। तो चलिए जानते हैं इस लिस्ट में कौन-कौन से बॉलीवुड के सेलेब्स शामिल हैं।

सलमान खान – श्वेता रोहिरा

सलमान खान बॉलीवुड इंडस्ट्री के भाईजान कहे जाते हैं। यह बॉलीवुड के सुपरस्टार हैं। एक बेहतरीन एक्टर होने के साथ साथ सलमान खान बहुत अच्छे बेटे और भाई भी हैं। सलमान खान की दो बहनें हैं, जिनका नाम अर्पिता खान और अलवीरा खान है। सलमान खान अपनी दोनों बहनों से कितना प्यार करते हैं यह बात हमें बताने की जरूरत नहीं है। लेकिन बहुत कम लोगों को ही इस बात का पता होगा कि सलमान खान की इन दोनों बहनों के अलावा एक मुंह बोली बहन भी है।

जी हां, वह बहन कोई और नहीं बल्कि अभिनेता पुलकित सम्राट की एक्स वाइफ श्वेता रोहिरा हैं। श्वेता रोहिरा बचपन से ही सलमान खान को राखी बांधती हैं। वहीं सलमान खान भी श्वेता को अपनी सगी बहन की तरह ही बेहद प्यार करते हैं। बता दें कि एक दिन श्वेता सलमान खान के घर पहुंच गईं और कहने लगीं कि वह सलमान को राखी बांधना चाहती हैं, जिसके बाद दरियादिल सलमान खान ने उससे उनसे राखी बंधवाई थी और वह आज तक यह रिश्ता दिल से निभा रहे हैं।

सोनू सूद – ऐश्वर्या राय बच्चन

बॉलीवुड की मशहूर अदाकारा ऐश्वर्या राय बच्चन और अभिनेता सोनू सूद भी एक दूसरे के साथ भाई बहन का रिश्ता निभाते हैं। बता दें सोनू सूद और ऐश्वर्या राय ने फिल्म “जोधा अकबर” में भाई बहन का किरदार निभाया था। इस फिल्म में ऐश्वर्या राय ने सोनू सूद को राखी बांधी थी। इसके बाद से हर साल ऐश्वर्या राय अभिनेता सोनू सूद की कलाई पर राखी जरूर बांधती हैं।

गौरी खान – साजिद खान

बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान और फराह खान एक दूसरे के बहुत अच्छे दोस्त हैं। वहीं गौरी खान भी फरहा के भाई को अपना भाई मानती हैं। साजिद ने खुद एक इंटरव्यू के दौरान यह बताया था कि वह एक परिवार की तरह हैं और गौरी खान उन्हें राखी बांधती हैं।

तमन्ना भाटिया – साजिद खान

अभिनेत्री तमन्ना भाटिया भी साजिद को अपना भाई मानते हैं। दरअसल, जब फिल्म “हमशक्ल” की शूटिंग हो रही थी तो उस दौरान इन दोनों के लिंक अप की खबरें सुर्खियों में छाई हुई थी, जिसके बाद तमन्ना भाटिया ने यह कहा था कि वह साजिद को अपना भाई मानती हैं। तब से ही यह रिश्ता वह आज तक निभा रहे हैं।

कटरीना कैफ – अर्जुन कपूर

आपको बता दें कि जब अर्जुन कपूर ने इंडस्ट्री में कदम नहीं रखा था, तब से ही कटरीना कैफ और अर्जुन कपूर एक दूसरे को जानते हैं। अर्जुन कपूर को कटरीना कैफ से सलमान खान ने मिलवाया था, जिसके बाद उन्होंने अर्जुन को राखी बांधी थी। अभिनेत्री कटरीना कैफ भी अभिनेता अर्जुन कपूर को तब से ही अपना भाई मानती हैं।

दीपिका पादुकोण अपने बॉडीगार्ड को मानती हैं भाई

दीपिका पादुकोण के बॉडीगार्ड जलाल हमेशा साए की तरह उनके साथ रहते हैं। दीपिका पादुकोण उन्हें हर साल राखी जरूर बांधती हैं। दीपिका पादुकोण अपने बॉडीगार्ड को ही अपना भाई मानती हैं।