इन सेलिब्रिटीज को तलाक लेना पड़ा महंगा, चुकानी पड़ी थी तगड़ी रकम, ऋतिक ने दिए थे 400 करोड़

बॉलीवुड इंडस्ट्री एक ऐसी जगह है जहां से रोजाना ही कोई ना कोई खबर लोगों तक पहुंच ही जाती है। चाहे किसी की लव स्टोरी हो या फिर किसी का रिश्ता टूटने की खबर। यह सभी चीजें इंडस्ट्री में जैसे आम हो गई हैं। बॉलीवुड के ऐसे बहुत से सितारे हैं जिन्होंने एक दूसरे से प्यार किया और आखिर में इन्होंने शादी कर ली। बॉलीवुड में प्यार, शादी और तलाक की अक्सर चर्चा होती रहती है। अगर कोई शादीशुदा कपल अलग होता है तो इसके चर्चे सुर्खियों में छाए रहते हैं। यह चर्चा तब सबसे अधिक हो जाती है जब वह सितारा मशहूर हो। आज हम आपको बॉलीवुड के कुछ ऐसे सेलिब्रिटीज के बारे में जानकारी देने जा रहे हैं जिनको तलाक लेना काफी महंगा पड़ गया था। एक-दूसरे से अलग होने के बदले इनको तगड़ी रकम चुकानी पड़ी थी। तो चलिए जानते हैं सबसे महंगे तलाक की लिस्ट में किस-किस का नाम शामिल है।

संजय दत्त और रिया पिल्लई

बॉलीवुड इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता संजय दत्त ने वर्ष 1998 में अपनी दूसरी पत्नी रिया पिल्लई को तलाक दिया था। खबरों के अनुसार बताया जाता है कि यह दोनों उस दौरान अलग-अलग रिश्ते में थे। रिया पिलाई टेनिस खिलाड़ी के साथ रिश्ते में थीं, वहीँ संजय दत्त मान्यता से प्यार करते थे। आखिर में संजय दत्त और रिया का तलाक हो गया। तलाक के बाद संजय ने रिया को 8 करोड़ का हर्जाना दिया था। ऐसा भी बताया जाता है कि संजय दत्त अब तक रिया का खर्चा उठा रहे हैं। संजय दत्त ने रिया को एक लग्जरी कार भी दी थी और एक सी फेसिंग फ्लैट भी दिया था।

फरहान खान और अधुना

बॉलीवुड इंडस्ट्री के जाने-माने अभिनेता फरहान अख्तर ने अपनी पत्नी अधुना से वर्ष 2016 में तलाक ले लिया था। इनको अपनी पत्नी से तलाक लेना काफी महंगा पड़ा। तलाक के लिए फरहान अख्तर ने अच्छी खासी मोटी रकम चुकाई थी। वैसे उन्होंने इस बात का खुलासा नहीं किया था कि उन्होंने कितनी रकम दी परंतु फरहान अख्तर ने अधुना को मोटी रकम दी थी इसके अलावा 10000 स्क्वेयर फीट का बंगला भी इन्होंने अपनी पत्नी को एलिमनी के तौर पर दे दिया था।

सैफ अली खान और अमृता सिंह

बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान और अभिनेत्री अमृता सिंह ने एक-दूसरे को वर्ष 2004 में तलाक दे दिया था। शादी के 10 साल बाद यह एक-दूसरे से अलग हो गए थे। खबरों के अनुसार ऐसा बताया जाता है कि तलाक के बाद सैफ अली खान ने अमृता सिंह को 5 करोड़ दिए थे।

करिश्मा कपूर और संजय कपूर

फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री करिश्मा कपूर अपने पति संजय कपूर से अब अलग हो चुकी हैं। आपको बता दें कि शादी के कुछ वर्षों बाद ही इन्होंने अपने पति संजय कपूर को तलाक दे दिया था। इन दोनों के रिश्तो में काफी अनबन चल रही थी। वर्ष 2016 में यह अलग हो गए। खबरों के अनुसार ऐसा बताया जाता है कि तलाक के बाद संजय कपूर ने करिश्मा कपूर को 7 करोड़ रुपए दिए थे। इसके अलावा दोनों बच्चों के नाम पर संजय कपूर ने 14 करोड़ के बांड खरीद कर दिया। इसके साथ ही एक घर भी संजय कपूर ने दिया था।

ऋतिक रोशन और सुजैन खान

अभिनेता ऋतिक रोशन और सुजैन खान का तलाक बॉलीवुड का सबसे महंगा तलाक माना गया है। शादी के 14 साल पश्चात वर्ष 2014 में सुजैन और ऋतिक एक-दूसरे से अलग हो गए थे। खबरों के अनुसार ऐसा बताया जाता है कि ऋतिक रोशन ने सुजैन खान को लगभग 400 करोड़ रुपए दिए थे।