Video: आंखों में आंसू और हाथ में दिवंगत पिता की तस्वीर लेकर पहुंची दुल्हन, मंडप में हो गई इमोशनल

सोशल मीडिया पर शादी के सीजन में दूल्हा और दुल्हन के कई वीडियो सामने आते हैं। कभी दूल्हा तो कभी दुल्हन अपनी मजेदार हरकतों के चलते वायरल हो जाते हैं परंतु कुछ वीडियो ऐसे भी सामने आ जाते हैं, जिसे देखकर हर कोई भावुक हो जाता है। कुछ ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें एक दुल्हन अपनी शादी के मंडप पर जाते समय इमोशनल हो गई। इस दौरान दुल्हन के हाथ में उसके दिवंगत पिता की तस्वीर थी। इस वीडियो को देखने के बाद हर किसी की आंखें नम हो गए हैं।

लड़का हो या लड़की शादी का दिन उनके जीवन में सबसे खास दिन होता है। वहीं अगर लड़की की बात करें, तो हर लड़की के लिए उसकी शादी का दिन सबसे ज्यादा खास होता है। हर दुल्हन की ख्वाहिश होती है, कि शादी वाले दिन उसका परिवार खासकर माता-पिता उसके साथ रहें परंतु अगर इनमें से कोई एक ना हो, तो सोचिए कैसा महसूस होगा। सोशल मीडिया पर दुल्हन का जो वीडियो सामने आया है, वह काफी तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह अपने दिवंगत पिता की तस्वीर लिए नम आंखों के साथ शादी के मंडप में एंट्री करती है।

दुल्हन की आंखों में आंसू

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में जो दुल्हन नजर आ रही है उसका नाम प्रियंका भाटी है। उनकी कहानी को “ह्यूमन्स ऑफ बॉम्बे” ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया है। प्रियंका बताती हैं कि जब उनकी उम्र 9 वर्ष की थी तब कैंसर की वजह से उनके पिता की मृत्यु हो गई थी। प्रियंका उन दिनों को याद करते हुए कहती हैं कि “पापा मेरी हर ख्वाहिश पूरी करते थे। मुझे आम बहुत पसंद है। घर में तब हमेशा आम का एक डिब्बा भरा हुआ होता था।”

प्रियंका ने कहा कि आखिरी में 2 सालों में पापा को कैंसर होने का पता चला। इसके बाद वह ज्यादातर समय बिस्तर पर ही रहे। लेकिन हमेशा अपनी बेटी के बारे में ही पूछते रहे। शादी के मौके पर पिता को याद करते हुए प्रियंका अपनी आंखों के आंसुओं को रोक नहीं पाईं और उनकी आंखों में आंसू बहने लगे।

दादा ने निभाया ‘पापा’ का रोल

जब प्रियंका के पिताजी इस दुनिया को छोड़ कर चले गए, तो उसके बाद दादा ने प्रियंका को संभाला और उन्हें पाला। प्रियंका ने बताया कि “मेरे दादा काफी सख्त मिजाज के थे। बच्चे उनके आसपास खेलने से डरते थे। लेकिन पापा के जाने के बाद वह नरम हो गए। उन्होंने मुझे वह हर चीज दी, जो मुझे चाहिए था।” वीडियो में देखा जा सकता है कि प्रियंका अपने दादाजी का हाथ थामकर मंडप में जाती हुई नजर आ रही हैं।

यहां देखें वीडियो

इस वायरल वीडियो को देखने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स की भी आंखें नम हो गई हैं। एक यूजर ने लिखा है “मैं इसे पूरी तरह से महसूस कर सकता हूं। हर पिता अपनी बेटी के लिए सुपरहीरो होता है। उसकी जगह कोई और नहीं ले सकता।” एक और यूजर ने कमेंट करते हुए यह कहा कि “आपके पापा आपको देख रहे हैं। उदास ना हों, अपना और परिवार का ख्याल रखें। खासकर दादा जी, जिन्होंने आपको आगे बढ़ने की आजादी दी।” इसी तरह से यूजर्स कमेंट करते नजर आ रहे हैं।