खरमास में जरूर कीजिए ये उपाय, दूर हो जाएंगी जीवन की सारी परेशानियां

जब सूर्य धनु तथा मीन राशि में प्रवेश करता है तो इसे खरमास कहा जाता है। हिंदू धर्म के अनुसार देखा जाए तो खरमास का महीना शुभ कार्य करने के लिए ठीक नहीं माना गया है। आपको बता दें कि इस बार खरमास की शुरुआत 16 दिसंबर से शुरू हो गई है और 14 जनवरी 2021 तक खरमास रहेगा। हिंदू धर्म में खरमास का बड़ा महत्व माना गया है। खरमास में कई तरह के शुभ कार्यों पर रोक लग जाती है। खरमास के महीने में शादी-विवाह जैसे मांगलिक कार्यक्रम नहीं किए जाते हैं।

खरमास का महीना आध्यात्मिक रूप से विशेष महत्व रखता है। ऐसा माना जाता है कि इस महीने में जप-तप और दान किया जाए तो इससे शुभ फल की प्राप्ति होती है। आज हम आपको शास्त्रों के अनुसार खरमास में किए जाने वाले कुछ उपायों के बारे में जानकारी देने जा रहे हैं। अगर आप यह उपाय करेंगे तो इससे आपको कई प्रकार के लाभ मिलेंगे।

खरमास में पड़ने वाली एकादशी का व्रत करें

इंसान चाहता है कि उसके जीवन में सभी सुख-सुविधाएं रहें। अगर आपकी भी इच्छा है कि आपको भौतिक सुखों की प्राप्ति हो तो शास्त्रों में बताया गया यह उपाय कर सकते हैं। आप खरमास में पड़ने वाली एकादशी का व्रत जरूर करें। इस दिन भगवान विष्णु जी की विशेष पूजा करनी चाहिए। ऐसा माना जाता है कि खरमास में पड़ने वाली एकादशी का व्रत करने से जगत के पालनहार भगवान विष्णु जी की विशेष कृपा प्राप्त होती है, इतना ही नहीं बल्कि व्रत करने वाले जातकों बैकुंठ धाम की प्राप्ति होती है।

तुलसी की पूजा करें

तुलसी का पौधा बहुत ही पवित्र माना जाता है। हिंदू धर्म में तुलसी के पौधे को पूजनीय माना गया है। शास्त्रों में इस बात का उल्लेख किया गया है कि खरमास के महीने में जो व्यक्ति तुलसी के पौधे की पूजा करता है उसको अपने जीवन में कभी भी धन की कमी नहीं होती है। व्यक्ति को धन-ऐश्वर्य की प्राप्ति होती है। आप खरमास के महीने में रोजाना नियमित रूप से तुलसी के पौधे की पूजा कीजिए। शाम के समय आप तुलसी के पास घी का दीपक जलाएं और तुलसी माता जी की पूजा करने के दौरान ओम नमो: भगवते वासुदेवाय नमः मंत्र का जाप कीजिए।

लक्ष्मी की कृपा पाने के लिए

माता लक्ष्मी जी को धन की देवी माना जाता है। ऐसा कहा जाता है कि जिस व्यक्ति के ऊपर लक्ष्मी जी की कृपा रहती है, उस व्यक्ति के जीवन में कभी भी धन की कमी नहीं रहती है। अगर आप खरमास में माता लक्ष्मी जी की कृपा प्राप्त करना चाहते हैं तो शुक्रवार के दिन लक्ष्मी स्त्रोत का पाठ करें। मान्यता अनुसार इसका पाठ करने या सुनने से धन-धान्य की कमी नहीं होती है और माता लक्ष्मी जी का विशेष आशीर्वाद मिलता है, इतना ही नहीं बल्कि घर-परिवार के सभी लोगों के बीच प्रेम भाव बना रहता है। घर की सारी परेशानियां दूर हो जाती हैं।

पीपल की पूजा

खरमास में आप रोजाना नियमित रूप से प्रातः काल स्नान-ध्यान करने के पश्चात पीपल के पेड़ की पूजा कीजिए। आप सुबह-शाम पीपल के पेड़ पर जल अर्पित करें और पूजा-पाठ कीजिए। शाम के समय आप पीपल के पास दीपक जलाएं। अगर आप खरमास में यह उपाय करते हैं तो इससे कर्जो से छुटकारा मिलता है।