झुर्रियां हटाने के लिए आजमाएं ये घरेलू उपाय, लौट आएगी आपके चेहरे की रौनक

वर्तमान समय में ज्यादातर लोग झुर्रियों की समस्या से काफी परेशान रहते हैं। अपने चेहरे की झुर्रियों को हटाने के लिए लोग तरह-तरह के तरीके अपनाते हैं। अगर चेहरे पर झुर्रियां पड़ने लगे तो इससे इंसान अपनी उम्र से बहुत अधिक बड़ा दिखाई देने लगता है। चेहरे की सुंदरता खो जाती है। चेहरे और गले पर झुर्रियां पड़ने की वजह से व्यक्ति बूढा नजर आने लगता है। अगर आप अपने चेहरे की झुर्रियों को दूर करना चाहती हैं तो इसके लिए कुछ घरेलू उपाय अपना सकती हैं। इन घरेलू उपायों से झुर्रियां दूर होंगी और आपके चेहरे की रौनक लौट आएगी।

चेहरे की झुर्रियों को हटाने के घरेलू उपाय

एलोवेरा जेल

झुर्रियों से छुटकारा पाने के लिए एलोवेरा जेल काफी फायदेमंद माना गया है। चेहरे और गर्दन पर आप रोजाना एलोवेरा जेल लगाएं। इससे कुछ दिनों में झुर्रियां खत्म हो जाएँगी। इसके अलावा झुर्रियां होने पर एक चम्मच भीगी हुई चने की दाल का पेस्ट तैयार कर लीजिए और इसको एलोवेरा जेल में मिलाकर इसका प्रयोग अपने चेहरे और गर्दन पर करें। हल्के हाथों से मसाज करें। कुछ समय तक इसको सूखने के लिए छोड़ दीजिए। उसके बाद आप पानी से धो लें। आपको यह प्रयोग हफ्ते में तीन बार करना होगा। शीघ्र ही आपको झुर्रियों से छुटकारा मिलेगा।

पपीता

पपीता का प्रयोग करके आप अपने चेहरे की झुर्रियों को कम कर सकती हैं। आपको बता दें कि पपीता विटामिन ए से भरपूर होता है। आप पपीते को पीसकर चेहरे पर लगाएं। इससे आपकी त्वचा में कसाव आएगा और झुर्रियां भी कम होंगी।

खीरा

खीरे का प्रयोग करने के लिए आप सबसे पहले इसको कद्दूकस कर लीजिए। उसके बाद इसमें थोड़ा सा दही मिलाकर इसका मिश्रण तैयार कर लें। अब इस मिश्रण को आप चेहरे पर लगाएं। सूख जाने के बाद आप गुनगुने पानी की सहायता से अपने चेहरे को धो लीजिए।

अंडे की जर्दी

चेहरे की झुर्रियों को कम करने के लिए आप एक बड़े चम्मच अंडे की जर्दी और उसमें बराबर मात्रा में टमाटर और नींबू का रस मिला लीजिए। अब इसको अपने चेहरे पर लगाएं।

नींबू का रस

अगर आप अपने चेहरे की झुर्रियों से छुटकारा पाना चाहती हैं तो इसके लिए आप नींबू का रस लीजिए। अब माथे, मुंह और आंखों के आसपास उभर आई झुर्रियों पर नींबू का रस लगाएं। अब आप 15 मिनट तक इसको रहने दीजिए। उसके बाद ठंडे पानी से अपने चेहरे को धो लीजिए। इससे झुरियां कम होंगी।

केला

केले की मदद से भी आप अपने चेहरे की झुर्रियों को दूर कर सकती हैं। आप केले को अच्छी तरह से मसलकर उसमें थोड़ा सा शहद मिला लें। अब इसको अपने पूरे चेहरे पर अच्छी तरह से लगाएं। इस घरेलू उपाय से झुर्रियां और महीन रेखाएं आदि कम होती हैं।

नारियल का तेल

नारियल के तेल की मदद से चेहरे की महीन रेखाएं और झुर्रियां धीरे-धीरे हल्की हो जाती हैं। नारियल के तेल में थोड़ा सा संतरे का रस मिलाकर आप इसको अपने चेहरे पर लगाएं। इससे आपको बहुत जल्द फायदा देखने को मिलेगा।

सेब

चेहरे की झुर्रियों से छुटकारा पाने के लिए कच्चे सेब को पीसकर इसको अपने चेहरे पर लगाएं। 10 से 15 मिनट तक इसको अपने चेहरे पर सूखने दें। उसके बाद गुनगुने पानी से चेहरा धो लीजिए। आपको बता दें कि सेब आपके चेहरे की महीन रेखाओं को हल्का करता है और आपकी त्वचा भी चमकेगी।