जानिए कब मनाई जाएगी जन्माष्टमी? इस दिन घर ले आए ये 5 चीजें, श्री कृष्ण की कृपा से बनी रहेगी बरकत

जन्माष्टमी का त्योहार देश भर में बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया जाता है। भगवान विष्णु जी के आठवें अवतार श्री कृष्ण जी के जन्म उत्सव को लोग बड़े ही धूमधाम के साथ मनाते हैं। भगवान कृष्ण का जन्म बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। इस साल कृष्ण जन्माष्टमी 18 अगस्त 2022, गुरुवार को मनाई जाएगी। यह पर्व सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि विदेशों में भी धूमधाम के साथ मनाया जाता है।

कृष्ण जन्माष्टमी के दिन लोग भगवान श्री कृष्ण जी का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए उपवास रखने के साथ-साथ भजन कीर्तन और विधि विधान पूर्वक पूजा करते हैं। ऐसा माना जाता है कि इस दिन जो भी भक्त सच्ची श्रद्धा भाव से कृष्ण जी की पूजा करता है, उसकी सारी मनोकामनाएं भगवान पूरी करते हैं।

ऐसी मान्यता है कि अगर कृष्ण जन्माष्टमी पर बाल गोपाल की प्रिय चीजें घर खरीद कर लाई जाए तो इससे तरक्की के रास्ते खुल जाते हैं और घर में सुख-समृद्धि का आगमन होता है। आज हम आपको श्री कृष्ण जी की कृपा पाने के लिए कुछ ऐसी चीजों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें जन्माष्टमी पर खरीदना बहुत शुभ माना जाता है।

बांसुरी

भगवान श्री कृष्ण जी और बांसुरी का बहुत गहरा नाता है। बिना बांसुरी के श्री कृष्ण जी की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। आप जन्माष्टमी के त्यौहार पर भगवान श्री कृष्ण जी को लकड़ी या चांदी की बांसुरी अर्पित कीजिए। ऐसा माना जाता है कि पूजा के बाद यही बांसुरी तिजोरी या धन रखने के स्थान पर रखा जाए, तो इससे कभी भी घर में दरिद्रता नहीं आती है।

गाय-बछड़ा

धार्मिक ग्रंथों के मुताबिक देखा जाए तो भगवान श्री कृष्ण जी को गाय व बछड़े से बहुत ज्यादा लगाव था। उन्हीं की वजह से गाय को मां की संज्ञा दी गई थी। इसलिए जन्माष्टमी के दिन गाय या बछड़े की तस्वीर या फिर छोटी-सी प्रतिमा खरीद कर मंदिर में जरूर रखें। ऐसी मान्यता है कि इससे संतान सुख की प्राप्ति होती है।

मोरपंख

मोरपंख भगवान कृष्ण जी की सबसे प्रिय चीज है। अगर आप जन्माष्टमी पर मोरपंख खरीद कर अपने घर लाते हैं, तो ऐसी मान्यता है कि इससे घर में बुरी शक्तियां आसपास भी नहीं भटकती हैं। मोरपंख घर में रखने से गृह कलेश नहीं होता है। ऐसा माना जाता है कि मोर पंख के होने से कालसर्प दोष भी दूर हो जाता है। पौराणिक मान्यताओं के मुताबिक, श्री कृष्ण जी ने कालसर्प दोष से मुक्ति पाने के लिए मोर पंख मुकुट में धारण किया था। इसलिए जन्माष्टमी के दिन भगवान कृष्ण जी को प्रसन्न करने के लिए आप उनका प्रिय मोर पंख खरीद कर जरूर लाएं।

वैजयंती माला

शास्त्रों के मुताबिक भगवान श्री कृष्ण हमेशा गले में वैजयंती माला धारण किए रहते हैं। ऐसा माना जाता है कि इस दिन वैजयंती माला घर लाने से मां लक्ष्मी जी का वास होता है। इसके साथ ही अगर इसे धारण करते हैं, तो बाल गोपाल की कृपा से आर्थिक स्थिति में सुधार देखने को मिलता है।

शंख

श्री कृष्ण जी भगवान विष्णु जी के अवतार हैं। ऐसा कहा जाता है कि शंख में मां लक्ष्मी जी का वास होता है। जन्माष्टमी पर शंख खरीद कर जरूर लाना चाहिए। शंख से लड्डू गोपाल का अभिषेक करना बहुत उत्तम माना जाता है। शंख की ध्वनि से घर की नकारात्मक ऊर्जा नष्ट हो जाती है और घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।