फिल्म “लगान” के बाद डूब गया ग्रेसी सिंह का करियर, जानिए अब क्या करती हैं अभिनेत्री

बॉलीवुड इंडस्ट्री में खूबसूरत अभिनेत्रियों की कमी नहीं हैं। फिल्म इंडस्ट्री एक ऐसी जगह है जहां पर हर अभिनेत्री अपने आपको स्थापित करने के लिए खुद मेहनत करती है परंतु इसके बावजूद भी कई अभिनेत्रियां ऐसी रही हैं, जो करियर के शुरुआती दौर में खूब मशहूर हुईं परंतु धीरे-धीरे वह इंडस्ट्री से गायब हो चुकी हैं। उन्ही अभिनेत्रियों में से एक बॉलीवुड की अभिनेत्री ग्रेसी सिंह का नाम शामिल है। ग्रेसी सिंह 20 जुलाई को अपना जन्मदिन मना रही हैं। अभिनेत्री ने लगान, मुन्ना भाई एमबीबीएस, गंगाजल जैसी सुपरहिट फिल्मों में काम किया है और इन फिल्मों के माध्यम से उन्होंने अच्छी खासी लोकप्रियता भी प्राप्त की।

आपको बता दें कि ग्रेसी सिंह की पहली फिल्म “लगान” सुपरहिट साबित हुई थी और इस फिल्म में अभिनेत्री के अभिनय को लोगों द्वारा काफी पसंद भी किया गया था। इस फिल्म को आशुतोष गोवारिकर ने बनाया था। इस फिल्म में ग्रेसी सिंह मशहूर अभिनेता आमिर खान के अपोजिट नजर आई थीं और रातों-रात ग्रेसी सिंह स्टार बन गईं। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

सुपरहिट फिल्म लगान में ग्रेसी सिंह ने गौरी का किरदार निभाया था। यह फिल्म ऑस्कर अवार्ड तक भी पहुंची थी जो बेहद गर्व की बात है। इतनी लोकप्रियता हासिल करने के बावजूद भी ग्रेसी सिंह बॉलीवुड इंडस्ट्री से दूर चली गईं।

आपको बता दें कि ग्रेसी सिंह ने एक इंटरव्यू के दौरान इस बात का खुलासा किया था कि लोग उनको घमंडी कहने लगे थे। ग्रेसी सिंह एक क्लासिकल डांसर बनना चाहती थीं परंतु उनकी किस्मत को शायद कुछ और ही मंजूर था जिसकी वजह से वह एक कलाकार बन गईं। ग्रेसी सिंह हमेशा से ही यही चाहती थीं कि वह कुछ ऐसा काम करें जिससे फिल्म इंडस्ट्री में हमेशा उनका नाम बना रहे।

अभिनेत्री ने बातचीत के दौरान यह बताया था कि जब वह लगान की शूटिंग करती थीं तो सेट पर वह किसी से भी बात नहीं करती थीं। रिहर्सल में उनका ज्यादातर समय व्यतीत होता था। उनका यह व्यवहार देखकर सेट पर मौजूद लोग उनको घमंडी कहने लगे थे। इतना ही नहीं कुछ लोग तो कुछ समय के बाद भी उनके पीठ पीछे घमंडी कहते थे।

ग्रेसी सिंह ने फिल्म लगान से अच्छा खासा नाम कमाया परंतु इसके बावजूद भी उनका फिल्मी करियर फ्लॉप रहा है। फिल्म लगान के बाद ग्रेसी सिंह को अभिनेता संजय दत्त के साथ काम करने का अवसर प्राप्त हुआ। अभिनेत्री ने फिल्म “मुन्ना भाई एमबीबीएस” में बतौर मुख्य अभिनेत्री के रूप में काम किया और यह फिल्म सुपरहिट भी साबित हुई थी लेकिन अचानक से ही ग्रेसी सिंह को फिल्मों में काम मिलना बंद हो गया जिसकी वजह से वह बी ग्रेड फिल्मों में काम करने लगीं।

जब ग्रेसी सिंह को बड़े पर्दे पर काम नहीं मिल रहा था तो वह छोटे पर्दे की तरफ चली गईं। उन्होंने छोटे पर्दे के कई मशहूर धारावाहिकों में काम किया है। धारावाहिक संतोषी माता से अभिनेत्री को खूब लोकप्रियता हासिल हुई। इस सीरियल को लोगों ने काफी पसंद किया। संतोषी मां के किरदार से ग्रेसी सिंह ने घर-घर में पहचान बनाई। बाद में अभिनेत्री ने एक्टिंग को छोड़ दिया। खबरों के अनुसार ऐसा बताया जाता है कि ग्रेसी सिंह अब स्टेज शो करतीं हैं और बच्चों को क्लासिकल डांस भी सिखा रही हैं। ऐसा भी बताया जाता है कि बॉलीवुड इंडस्ट्री से दूरी बनाने के बाद ग्रेसी सिंह धार्मिकता की तरफ अपने कदम बढ़ा चुकी हैं वह ब्रह्मकुमारी संस्था में काफी सक्रिय रहती हैं।