इस एक्ट्रेस को क्यों कहते थे ‘द अनकिस्ड गर्ल ऑफ इंडिया’?, जानिए एक्ट्रेस से जुड़ी दिलचस्प कहानी

बीते जमाने की हिंदी सिनेमा की मशहूर एक्ट्रेस निम्मी 50 और 60 दशक की जानी मानी एक्ट्रेस थीं। बताया जाता है कि निम्मी अभिनेता राज कपूर की खोज थीं। निम्मी ने फिल्म ‘बरसात’ से अपना फिल्‍मी डेब्‍यू किया था और पहली फिल्म से ही उन्होंने लोगों का दिल जीत लिया। खबरों के मुताबिक बताया जाता है कि ब्लैक व्हाइट दौर में हर बड़ा अभिनेता निम्मी के साथ फिल्म करने के लिए बेताब रहता था। वहीं हिन्दुस्तान की पहली रंगीन फिल्म में भी निम्मी ही नजर आई थीं। खास बात ये है कि निम्मी को अपने दौर में ‘द अनकिस्ड गर्ल ऑफ इंडिया’ के नाम से जाना जाता था।

निम्मी के लिए इस्तेमाल हुआ ड्रीम सीक्वेंस

तो चलिए आपको बताते हैं कि आखिर निम्मी ‘द अनकिस्ड गर्ल ऑफ इंडिया’ के नाम से क्यूं मशहूर हुईं थीं। दरअसल फिल्म ‘आन’ को लंदन के रिआल्टो थिएटर में बड़े पैमाने पर रिलीज किया गया था। जहां फिल्म ‘आन’ को ‘सेवेज प्रिंसेस’ नाम से रिलीज किया गया था। इस दौरान फिल्म के प्रीमियर पर महबूब खान, उनकी पत्नी और निम्मी मौजूद थे। इसके अलावा कई विदेशी सितारे भी फिल्म के प्रीमियर में शामिल हुए।

‘अनकिस्ड गर्ल ऑफ इंडिया’

इनमें से एक विदेशी सेलेब एरल लेजली थॉमसन फ्लिन ने अपने रिवाज के मुताबिक आगे बढ़ते हुए निम्मी को चूमने की कोशिश की लेकिन एक्ट्रेस ने अपने कदम पीछे कर लिए। निम्मी ने पीछे हटते ही कहा, ”मैं एक हिंदुस्तानी लड़की हूं, आप मेरे साथ ये सब नहीं कर सकते।’ बस फिर क्या था अगली सुबह ही अखबरा की सुर्खियों में निम्मी के लिए ‘द अनकिस्ड गर्ल ऑफ इंडिया’ लिखा गया और निम्मी इस नाम से मशहूर हो गईं।

नवाब बानो से कैसे बनीं एक्ट्रेस निम्मी-

आपको बता दें कि निम्मी का असली नाम नवाब बानो था और उनका जन्म पाकिस्तान के एबटाबाद में हुआ था लेकिन बंटवारे के बाद उनका परिवार मुंबई में आ गया। करियर में निम्मी को पहला ब्रेक शोमैन राज कपूर के साथ फिल्म ‘बरसात’ से मिला था। मालूम हो कि निम्मी ने हमेशा ही अपनी शर्तों पर काम किया और यही वजह रही कि निम्मी के खाते में बहुत अधिक फिल्में न रहीं। एक्ट्रेस को फिल्मी नाम ‘निम्मी’ राज कपूर ने ही दिया था। हालांकि राज कपूर पहले नवाब बानो को किन्नी नाम देना चाहते थे लेकिन किसी वजह से ऐसा न हो सका।

इन बड़े अभिनेताओं के साथ काम किया-

बता दें कि अपने दौर में निम्मी एक सुपरस्टार थीं और उनसे फिल्में साइन करवाने के लिए फिल्म निर्देशकों की लाइने लगा करती थीं। इतना ही नहीं निम्मी ने दिग्गज एक्टर दिलीप कुमार से लेकर राज कपूर तक सभी बड़े स्टार्स के साथ काम किया था। निम्मी अपने करियर में कई बड़ी फिल्मों में काम कर चुकी हैं। जिसमें बरसात, दीदार, दाग, आन, उड़न खटोला, बसंद बहार, कुदंन और भाई-भाई फिल्मों का नाम शामिल है।

गौरतलब है कि फिल्म आन के लंदन में प्रीमियर के बाद निम्मी को करीब चार हॉलीवुड फिल्मों का ऑफर मिला लेकिन निम्मी ने सभी ऑफर्स को तुरंत ठुकरा दिया। बताया जाता है कि निम्मी हॉलीवुड फिल्म इसलिए नहीं करना चाहती थी क्योंकि उनमें इंटिमेट सीन और किसिंग सीन शूट किए जाते थे और एक्ट्रेस को ऐसे सीन से काफी ऐतराज था। साल 2020 में 24 मार्च को निम्मी ने इस दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया।