21 साल की सिनी शेट्टी ने जीता मिस इंडिया का खिताब, 31 सुंदरियों को पीछे छोड़ हासिल किया ये मुकाम

3 जुलाई 2022, रविवार को मिस इंडिया 2022 का ग्रैंड फिनाले आयोजित किया गया और इस कॉम्पटीशन में कर्नाटक की सिनी शेट्टी (Sini Shettyy) ने बाजी मार ली। जी हां, 21 साल की सिनी शेट्टी मिस इंडिया 2022 बन गईं। इस बार मिस इंडिया की दौड़ में 31 सुंदरियों के बीच कड़ी टक्कर थी। लेकिन सभी को पीछे छोड़ते हुए सिनी शेट्टी ने यह अद्भुत मुकाम हासिल कर लिया है।

बता दें इस बार का मिस इंडिया फिनाले मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित किया गया था। बड़े स्तर पर आयोजित हुए इस प्रोग्राम में सभी कंटेस्टेंट्स ने अपनी खूबसूरती के साथ-साथ अपने हाजिर जवाब अंदाज से लोगों का दिल जीत लिया। लेकिन इस दौड़ में सबसे आगे कर्नाटक की सिनी शेट्टी रहीं, जिन्हें इस साल का मिस इंडिया घोषित कर दिया गया।

फर्स्ट और सेकंड रनर अप

जहां सिनी शेट्टी के सिर पर मिस इंडिया का ताज सजा, तो दूसरी तरफ राजस्थान की रूबल शेखावत ने फेमिना मिस इंडिया 2022 फर्स्ट रनर अप का ताज जीता। जबकि उत्तर प्रदेश की शिनाता चौहान फेमिना मिस इंडिया 2022 की सेकंड रनर अप रहीं। मिस इंडिया 2022 विनर यानी सिनी शेट्टी की हर तरफ चर्चा हो रही है। हर कोई इस ब्यूटी विद ब्रेन के बारे में जानने के लिए उत्साहित नजर आ रहा है।

ये थे मिस इंडिया 2022 जजेस

बता दें कि हर बार की तरह इस बार भी मिस इंडिया की यह प्रतियोगिता काफी कड़ी और मजेदार रही। मुकाबला इतना कड़ा था कि 6 जजों के पैनल ने तमाम पहलुओं को ध्यान में रखते हुए एक विजेता को चुना। इस बार जजों के पैनल पर मलाइका अरोड़ा, नेहा धूपिया, डीनो मोरिया, राहुल खन्ना, रोहित गांधी और श्याम डाबर शामिल रहे। इतना ही नहीं बल्कि कई दूसरी बॉलीवुड हस्तियों ने भी इस कार्यक्रम में शिरकत की।

कृति सेनन से लेकर कई दूसरी अभिनेत्रियां रेड कारपेट पर अपना जलवा बिखेरते हुए नजर आईं। बॉलीवुड अभिनेत्री नेहा धूपिया के लिए यह मौका सबसे खास बना हुआ था, ऐसा इसलिए क्योंकि नेहा धूपिया को भी मिस इंडिया का ताज जीते हुए पूरे 20 साल हो चुके हैं। ऐसी स्थिति में उनकी इस सफलता को भी कार्यक्रम के दौरान सेलिब्रेट किया गया।

ट्रेंड भरतनाट्यम डांसर हैं सिनी शेट्टी

बता दें कि मिस इंडिया 2022 की विजेता बनीं सिनी शेट्टी की उम्र अभी 21 साल की हैं। सिनी शेट्टी कर्नाटक की रहने वाली हैं लेकिन उनका जन्म मायानगरी मुंबई में हुआ है। उन्होंने अपनी पढ़ाई-लिखाई मुंबई से की। सिनी शेट्टी को लेकर ऐसा बताया जा रहा है उन्होंने अकाउंटिंग और फाइनेंस में ग्रेजुएशन किया है। इसके अलावा वह अभी चार्टर्ज फाइनेंशियल एनालिस्ट (CFA) का कोर्स कर रहीं हैं।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by Sini Shetty (@sinishettyy)

मिस इंडिया का ताज पहनने वालीं सिनी शेट्टी पढ़ाई में तो अच्छी है हीं, लेकिन इसके साथ ही उन्हें डांस करने का भी काफी शौक है। जी हां, सिनी शेट्टी एक प्रशिक्षित भरतनाट्यम डांसर हैं। जब सिनी शेट्टी की उम्र महज 4 वर्ष की थी, तो तब से ही उन्होंने डांस करना शुरू कर दिया था। 14 साल की उम्र तक तो उन्होंने कई स्टेज पर परफॉर्म भी किया। अब सिनी शेट्टी एक प्रफेशनल भरतनाट्यम डांसर भी हैं। सिनी शेट्टी अपने कुछ डांसिंग वीडियोज भी रिलीज कर चुकी हैं, जो पॉप्युलर हो चुके हैं।