महेंद्र सिंह धोनी और साक्षी की शादी को हुए 12 साल पूरे, इतनी रोचक है दोनों की प्रेम कहानी

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के शानदार प्रदर्शन से हर कोई प्रभावित है। क्रिकेट में महेंद्र सिंह धोनी एक लंबा सफर तय कर चुके हैं। उन्होंने अपने बल्ले के साथ बेहतर प्रदर्शन करते हुए कठिन परिस्थितियों में भारत को हार का सामना करने से बचाया है। धोनी ने अपने शांत और चतुर दिमाग से टीम इंडिया को कई मैच जिताए हैं। उनकी कप्तानी में भारत ने आईसीसी के तीनों खिताब जीते हैं। महेंद्र सिंह धोनी भारत के सबसे सफल कप्तान हैं।

महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारत ने 110 वनडे, 27 टेस्ट और 41 टी20 मैचों में जीत हासिल की थी। धोनी को डेथ ओवर्स में तेजी से रन बनाने के लिए जाना जाता है। अगर आखिरी ओवर में भारत को जीतने के लिए 15 रन चाहिए और क्रीज पर धोनी हैं, तो दबाव धोनी पर नहीं बल्कि गेंदबाज पर होता था।

बता दें कि धोनी की गिनती दुनिया के सर्वश्रेष्ठ फिनिशर्स में होती है। वह चौंकाने वाले फैसले लेने के लिए भी फेमस हैं। महेंद्र सिंह धोनी ने भारतीय टीम के लिए जो किया है, वह क्रिकेट के इतिहास में सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा। बता दें कि पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 4 जुलाई 2010 को साक्षी सिंह से शादी रचाई थी। धोनी और साक्षी की शादी को 12 साल पूरे हो गए हैं। इन दोनों की प्रेम कहानी भी बेहद रोचक रही है।

धोनी और साक्षी की लव स्टोरी

महेंद्र सिंह धोनी और साक्षी को क्रिकेट की दुनिया की खूबसूरत और मशहूर जोड़ी के रूप में देखा जाता है। इन दोनों की लव स्टोरी भी बेहद दिलचस्प रही है। 4 जुलाई 2010 को महेंद्र सिंह धोनी और साक्षी सिंह विवाह के बंधन में बंधे थे। आज उनकी शादी को पूरे 12 साल हो चुके हैं। साक्षी सिंह के साथ जब महेंद्र सिंह धोनी ने शादी की तो उसके बाद उनके करियर में कई सफलताएं आईं।

महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में ही भारत ने 2011 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। वहीं 2013 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीती। आपको बता दें कि महेंद्र सिंह धोनी और साक्षी के परिवार एक दूसरे को पहले से ही जानते थे। जब महेंद्र सिंह धोनी टीम इंडिया की तरफ से खेल रहे थे, तब वह एक होटल में ठहरे हुए थे, जहां साक्षी इंटर्नशिप करती थीं, जहां पर दोनों की मुलाकात हुई थी।

साक्षी के मैनेजर युधाजीत दत्ता ने उन्हें धोनी से मिलवाया था। युधाजीत दत्ता साक्षी के भी अच्छे दोस्त हैं। इस मुलाकात के बाद दोनों ने मार्च 2008 में डेटिंग शुरू कर दी थी। पहली मुलाकात के बाद माही ने होटल के मैनेजर युधाजीत दत्ता से साक्षी का नंबर मांगा और उन्हें मैसेज किया। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें, तो साक्षी को इस पर यकीन ही नहीं हुआ कि इतना फेमस क्रिकेटर उन्हें मैसेज कर रहा है।

इसके 2 साल के बाद 2010 में धोनी और साक्षी विवाह के बंधन में बंध गए थे। इस कपल को 2015 में एक बेटी हुई, जिसका नाम जीवा है। धोनी हाल ही में एक विज्ञापन में जीवा के साथ नजर आए थे। महेंद्र सिंह धोनी इन दिनों परिवार के साथ लंदन में हैं।

साक्षी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं। साक्षी धोनी को इंस्टाग्राम पर लाखों लोग फॉलो करते हैं। अगर उनका सोशल मीडिया अकाउंट देखा जाए, तो तस्वीरों और वीडियो से भरा हुआ है।