Sawan 2022: जानिए कब से शुरू हो रहा है सावन? इन नियमों का करें पालन, महादेव होंगे प्रसन्न

सावन का महीना हिंदुओं का बहुत ही महत्वपूर्ण महीना होता है, इसमें अनेकों प्रकार के त्यौहार आते हैं जो कि लोग बड़े ही धूमधाम के साथ मनाते हैं। बता दें कि सावन का महीना भगवान शिव जी को अति प्रिय है। सावन मास में भगवान शिव जी और माता पार्वती जी की पूजा का विधान है। हिंदू धर्म में सावन महीने का विशेष महत्व माना गया है। ऐसा माना जाता है कि सावन के महीने में भगवान शिव जी की पूजा और सोमवार व्रत करने से सारी मनोकामनाएं पूर्ण हो जाती हैं।

साल 2022 में सावन का पवित्र महीना 14 जुलाई से शुरू हो रहा है और 12 अगस्त को श्रावण पूर्णिमा के साथ यह समाप्त हो जाएगा। साल का यह समय पूजा-पाठ, तप-साधना के लिए सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण माना गया है। इस महीने में भोलेनाथ की पूजा अर्चना, अभिषेक करने से सारी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। अगर आप सावन के महीने में भगवान भोलेनाथ को प्रसन्न करना चाहते हैं, तो इसके लिए कुछ नियमों का पालन करना बहुत ही जरूरी है।

सावन सोमवार 2022

आपको बता दें कि 14 जुलाई 2022 गुरुवार को सावन का पहला दिन है। वहीं 18 जुलाई 2022 को सावन का पहला सोमवार पड़ रहा है। सावन का दूसरा सोमवार 25 जुलाई 2022 को है। वहीं सावन का तीसरा सोमवार 1 अगस्त 2022 को है और चौथा सोमवार 8 अगस्त 2022 को पड़ेगा। सावन का आखिरी दिन 12 अगस्त 2022 शुक्रवार को है।

सावन में शिव जी की पूजा ऐसे करें

सावन के महीने में रोजाना नियमित रूप से पूजा जरूर करनी चाहिए। सावन का महीना भगवान शिव जी को प्रसन्न करने का सर्वश्रेष्ठ महीना माना जाता है। इतना ही नहीं बल्कि शिवलिंग का अभिषेक करना भी बहुत लाभ देता है। आप सावन के महीने में रोजाना सुबह उठकर जल्दी स्नान कर लीजिए। उसके पश्चात साफ-सुथरे कपड़े धारण करें। इसके बाद आप घर के मंदिर या फिर भगवान शिव जी के किसी भी मंदिर में जाकर महादेव के सामने गाय के घी का दीपक जलाएं। दूध और गंगाजल से शिवलिंग का अभिषेक कीजिए।

भगवान शिव जी को सावन मास में पूजा के दौरान धतूरा, बेलपत्र, भांग के पत्ते, दूध, काले तिल और गुड़ आदि अर्पित करना बहुत शुभ माना जाता है। ऐसा माना जाता है कि ऐसा करने से भगवान शिव जी की कृपा हमेशा बनी रहती है। आप सावन सोमवार के व्रत करें और इस दिन पूरे विधि-विधान से रुद्राभिषेक कीजिए।

सावन मास में ना करें यह काम

1. सावन के पवित्र महीने में आप भूलकर भी शराब का सेवन मत कीजिए।

2. सावन के महीने में अगर संभव हो तो दाढ़ी भी ना बनाएं और ना ही अपने बाल कटवाएं।

3. सावन के महीने में घर परिवार में हर प्रकार से झगड़े विवाद से दूर रहना चाहिए।

4. अगर आप सावन के सोमवार का व्रत कर रहे हैं, तो आप भूलकर भी बीच में ना तोड़ें। ऐसा करना शास्त्रों में गलत माना गया है। अगर आप पूरे दिन व्रत नहीं कर सकते हैं तो एक समय फलाहार करके व्रत रख सकते हैं।

5. सावन के पवित्र महीने में भूलकर भी मांसाहार का प्रयोग नहीं करना चाहिए।

 

6. सावन के महीने में शरीर पर तेल लगाने की मनाही है।

7. शास्त्रों में इस बात का उल्लेख किया गया है कि सावन के महीने में दिन के समय नहीं सोना चाहिए।

8. सावन के महीने में बैगन का सेवन करने की मनाही होती है। बैगन को अशुद्ध माना जाता है।

9. सावन के महीने में अदरक, लहसुन और प्याज खाना भी सही नहीं माना जाता है। अगर हो सके तो ना खाएं।

10. भगवान शिव जी को केतकी के फूल अर्पित नहीं करना चाहिए।