दिसंबर में शादी करने वाले थे सिद्धार्थ और शहनाज, तैयारियों में जुटा था दोनों का परिवार

सिद्धार्थ शुक्ला और शहनाज गिल एक दूसरे से बेहद ही प्यार करते थे और जल्द ही ये शादी भी करने वाले थे। मीडिया में आ रही रिपोर्ट के अनुसार ये दोनों इस साल के आखिरी में शादी करने की योजना बना रहे थे। यहां तक की इन्होंने होटल तक बुक कर लिया था। रिपोर्ट के अनुसार दोनों का परिवार शादी के लिए राजी था और इन दोनों की शादी की तैयारियों में लगा था।

दोनों का परिवार एक बड़े और आलीशान होटल के साथ कमरों की बुकिंग, बैंक्वेट और शादी कैसे की जाएगी इसकी योजना बना रहा था। कथित रूप से दोनों की शादी की तैयारियां शुरू हो चुकी थी और इस बात की जानकारी उनके कुछ करीबी दोस्तों को थी।

अबू मलिक ने भी किया था शादी होने का दावा

अबू मलिक ने भी इनकी शादी की बात का जिक्र किया था। सिद्धार्थ के जाने के बाद अबू मलिक ने मीडिया को दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि शहनाज गिल और सिद्धार्थ एक दूसरे से काफी प्यार करते थे। शहनाज गिल सिद्धार्थ शुक्ला से शादी करना चाहती थीं और वो चाहती थीं कि मैं सिद्धार्थ से बात करूं। अबू मलिक ने कहा था कि शहनाज़ ने मुझे 22 मार्च, 2020 को यह बताया था। मुझे लगता है कि ये पहले लॉकडाउन से ठीक एक दिन पहले का दिन था। सिद्धार्थ उससे बहुत प्यार करता था। वह कहता था कि अगर एक दिन वह नाराज हो जाती थी, तो उसका दिन खराब हो जाता था।

बिग बॉस में शुरु हुई थी लव स्टोरी

सिद्धार्थ शुक्ला और शहनाज गिल की लव स्टोरी बिग बॉस 13 में शुरू हुई थी। इस शो में ये दोनों प्रतियोगी बनकर आए थे। शहनाज गिल ने इस शो में कई बार सिद्धार्थ से अपने प्यार का इजहार भी किया था। वहीं सिद्धार्थ भी शो में शहनाज का खूब ध्यान रखते थे। इनकी जोड़ी लोगों को इतनी पसंद आई थी कि इन्हें सिडनाज का नाम दिया गया था। वहीं शो के बाद सिद्धार्थ ने शहनाज को अपने घर में जगह दी थी। ये दोनों बिग बॉस खत्म होने के बाद एक साथ ही रहने लगे थे। सिद्धार्थ के परिवार वालों को शहनाज काफी पसंद थी।

वहीं एक इंटरव्यू में शहनाज ने अपने रिश्ते के बार में बात करते हुए कहा था कि, ‘मैं अपने और सिद्धार्थ के लिए प्रार्थना करती रहती हूं। क्या क्या हम दोनों एक हो जाएं। हमने एक दूसरे को बहुत कुछ सिखाया है और बहुत कुछ सीखा है। लोगों को हमारी केमेस्ट्री इसलिए पसंद है क्योंकि ये सच्ची है’।

अंतिम संस्कार के समय खूब रोई

शुक्रवार की दोपहर सिद्धार्थ शुक्ला का मुंबई के ओशिवारा में अंतिम संस्कार किया गया था। जहां शहनाज गिल भी मौजूद थी। इस दौरान शहनाज गिल बुरी तरह से रो रही थी और सिद्धार्थ का ही नाम ले रही थी। सिद्धार्थ के परिवार वालों ने शहनाज गिल के हाथों से वो सारी रस्में भी करवाई थी जो कि एक पत्नी करती हैं। शहनाज अभी तक इस सदमे से बाहर नहीं आ सकी हैं।