सोनू सूद ने किया फिर नेक काम, चमोली आपदा से प्रभावित एक परिवार की चार बच्चियों को लिया गोद

बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता सोनू सूद गरीबों के मसीहा बनकर उभरे हैं। लॉकडाउन के दौरान इन्होंने गरीब और जरूरतमंद लोगों की सहायता की, जिसके बाद से ही इनकी मदद का सिलसिला लगातार जारी है। बॉलीवुड अभिनेता और गरीब लोगों के बीच मसीहा बने सोनू सूद का सुर्खियों में रहना आम बात है। यह रोजाना ही किसी ना किसी गरीब की मदद करते हुए नजर आ जाते हैं। अपने नेक कामों की वजह से ही इन्होंने देश के लोगों के दिलों में एक अलग ही जगह बनाई है। लोग इनको भगवान का दूसरा रूप मानते हैं। कभी किसी की पढ़ाई का खर्च उठाते हैं तो कभी बीमार लोगों का इलाज करवाते हैं। इसी तरह के बहुत से कार्य है जो सोनू सूद लगातार करते आ रहे हैं और लोगों के चेहरे पर हंसी लाने का काम कर रहे हैं। इसी बीच सोनू सूद ने 4 बच्चों को गोद लिया है।

आपको बता दें कि सोनू सूद ने एक बार फिर से चमोली में आई आपदा में एक पीड़ित परिवार की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। आपको बता दें कि उत्तराखंड के चमोली जिले में आई आपदा की वजह से कई लोग अपने घर से बेघर हो गए। इतना ही नहीं बल्कि कई लोगों की जान भी जा चुकी है। खबरों के अनुसार ऐसा बताया जा रहा है कि अभी तक 63 शव बरामद किए जा चुके हैं और कई लोगों का अभी तक कोई भी पता नहीं है। लोग अपने परिवार से बिछड़ गए हैं।

अब लॉकडाउन में असल जिंदगी के हीरो बनकर उभरे सोनू सूद आपदा प्रभावित लोगों की सहायता के लिए सामने आए हैं। उन्होंने आपदा में पिता को खोने वाली चार बच्चियों को गोद लेने का ऐलान किया है। आपको बता दें कि इन बच्चियों के पिता मृतक आलम सिंह विष्णुगाड जल विद्युत परियोजना से जुड़ी ऋत्विक कंपनी में इलेक्ट्रिशियन के पद पर काम करते थे। आपदा के समय आलम टनल के अंदर कार्य कर रहे थे परंतु उसके बाद वह लौटकर नहीं आए। 8 दिन बीत जाने के बाद परिवार को उनका शव मलबे के नीचे दबा हुआ मिला था। घर में मृतक आलम सिंह अकेले कमाने वाले थे। इनकी ही कमाई से घर चलता था।

आलम सिंह की मृत्यु के पश्चात पत्नी के कंधे पर इन चार मासूम बच्चियों की जिम्मेदारी आ गई। जब यह जानकारी सोनू सूद को पता लगी तो वह तुरंत ही पीड़ित परिवार की सहायता के लिए सामने आए और उन्होंने इस परिवार की मदद करने की जिम्मेदारी उठाई। अभिनेता सोनू सूद ने मृतक आलम सिंह के चारों बच्चों को गोद लेकर उनकी पढ़ाई का खर्च उठाने का भरोसा दिलाया।

बताते चलें कि सोनू सूद लॉकडाउन के दौरान से ही लगातार लोगों की सहायता में जुटे हुए हैं। सबसे पहले महामारी की शुरुआत में उन्होंने अपने खर्चे पर कई प्रवासी मजदूरों को उनके घर सही सलामत पहुंचाया था। इतना ही नहीं बल्कि अभिनेता ने कई छात्रों की मदद भी की थी। सोशल मीडिया के जरिये यह लोगों के साथ जुड़े रहते हैं और रोजाना ही जरूरतमंद अभिनेता से मदद की गुहार लगाते हैं। अभिनेता भी जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए तुरंत तैयार हो जाते हैं। इनके नेक कामों और दरियादिली की वजह से ही इनकी देशभर में खूब तारीफ हो रही है।