इन विलेन स्टार्स के बच्चों से आप भी होंगे अंजान, जानिए कौन हुआ हिट और कौन रहा फ्लॉप!

बॉलीवुड फिल्मों में हीरो के साथ-साथ खलनायक भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। एक फिल्म के सुपरहिट होने के पीछे ना सिर्फ एक हीरो बल्कि खलनायक का भी बड़ा हाथ होता है। सिनेमा जगत में कई नामी खलनायक रहे हैं। लेकिन आज हम आपको उन खलनायक स्टार्स नहीं बल्कि उनके बच्चों के बारे में बताएंगे खास। जिसमें से कुछ ने फिल्मी करियर को चुना तो किसी ने फिल्मी लाइमलाइट से बनाई दूरी।

अमरीश पुरी के बेटे राजीव पुरी-

बॉलीवुड जगत के सुपरहिट विलेन अमरीश पूरी के नाम से तो आप बखूबी वाकिफ होंगे। उन्होंने अपने खलनायक अंदाज से दर्शकों को खूब प्रभावित किया। अमरीश पुरी ने फिल्मों में ना सिर्फ विलेन बल्कि कई किरदार निभाकर दर्शकों को चकित कर दिया। लेकिन उनके बेटे राजीव पुरी ने फिल्मों में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। उन्होंने मैरिन नेवीगेटर बनना ही बेहतर समझा। हालांकि अमरीश पुरी का पोता वर्धन पुरी बॉलीवुड में कदम रख चुका है।

मैक मोहन के बेटे विक्रांत मकजानी

फिल्म शोले, सत्ते पे सत्ता और कर्ज जैसी फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवाने वाले मैक मोहन ने भी फिल्म इंडस्ट्री में खूब नाम कमाया। लेकिन मैक मोहन ने सिनेमा जगत में जो मुकाम हासिल किया वो उनके बेटे विक्रांत मकजानी हासिल नहीं कर पाए। विक्रांत आखिरी बार फिल्म ‘द लास्ट मार्बल’ में नजर आए थे।

एम बी शेट्टी के बेटे रोहित शेट्टी-

कई फिल्मों में धमाकेदार स्टंट दिखाने वाले विलेन एम बी शेट्टी का नाम भी इस लिस्ट में शामिल है। बड़े पर्दे पर वह जो खतरनाक स्टंट दिखाते थे वो शायद ही कोई और स्टार दिखा सके। सिनेमा जगत में एम बी शेट्टी जैसा स्टाय और स्टंट मास्टर दोबारा कभी नहीं हुआ। लेकिन एम बी शेट्टी ने सिनेमा जगत में जैसा मुकाम हासिल किया वैसा ही उनके बेटे रोहित शेट्टी हासिल करने में सफल रहे। आज वह फिल्म इंडस्ट्री के नामी डायरेक्टर-प्रोड्यूसर में से एक हैं।

गुलशन ग्रोवर के बेटे संजय ग्रोवर

इसके अलावा गुलशन ग्रोवर ने भी अभिनय की दुनिया में खूब नाम कमाया। उन्हें सिनेमा जगत में ‘बैडमैन’ के नाम से जाना जाता है। फिल्मों में वह ज्यादातर कभी हीरोइन तो कभी हीरो की बहन से छेड़-छाड़ करते हुए नजर आते हैं। लेकिन बात अगर उनके बेटे की करें तो वह फिल्मी लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करते हैं। बता दें कि वह एक सफल बिजनेसमैन हैं।

कबीर बेदी के बेटे अदम बेदी

फिल्म ‘खून भरी मांग’ में खलनायक की भूमिका निभा अभिनेता कबीर बेदी ने खूब नाम कमाया। यही नहीं बल्कि कबीर बेदी को फिल्म इंडस्ट्री का सबसे हैंडसम विलेन कहा जाता है। बता दें कि कबीर बेदी की दूसरी शादी से हुए उनके बेटे अदम बेदी एक इंटरनेशनल मॉडल हैं।

अमजद खान के बेटे शादाब खान

फिल्म ‘शोले’ में गब्बर का किरदार निभाकर दुनिया भर में मशहूर हुए अभिनेता अमजद खान को तो आप बखूबी पहचानते होंगे। लेकिन उनके बेटे शादाब खान के नाम से तो आप शायद ही वाकिफ हों। उन्होंने फिल्म बारात से बॉलीवुड इंडस्ट्री में डेब्यू किया लेकिन बड़े पर्दे पर कोई खास कमाल नहीं दिखा सके।