गरुण पुराण के अनुसार सभी को रोजाना करने चाहिए ये 5 काम, कामयाबी चूमेगी कदम, अच्छा बीतेगा दिन

मनुष्य के जीवन में बहुत सी परिस्थितियां उत्पन्न होती रहती है। कभी जीवन हंसी-खुशी व्यतीत होता है तो कभी जीवन में परेशानियां आने लगती हैं। वैसे देखा जाए तो कभी भी इंसान का समय एक जैसा नहीं होता। अगर अभी जीवन में खुशियां हैं तो आने वाले समय में दु:ख का भी सामना करना पड़ेगा। अगर अभी जीवन में दु:ख चल रहे हैं तो आने वाले समय में सुख भी मिलेगा। इस संसार में सभी लोग यही चाहते हैं कि वह अपना जीवन हमेशा खुशहाली पूर्वक व्यतीत करें परंतु ऐसा संभव नहीं हो सकता, हर मनुष्य के जीवन में आशा-निराशा लगी रहती है।

आपको बता दें कि शास्त्रों में मनुष्य के जीवन से जुड़ी हुई बहुत सी बातों का उल्लेख किया गया है। गरुण पुराण को 18 पुराणों में से एक माना जाता है। इस शास्त्र में आचारकांड में नीतिसार अध्याय हैं, जिसमें एक मनुष्य के जीवन में आने वाली परेशानियों और सुखी जीवन जीने को लेकर बहुत सी नीतियों का उल्लेख किया गया है। गरुड़ पुराण मे ऐसी बहुत सी बातें बताई गई है जो अगर मनुष्य रोजाना अपने जीवन में करता है तो वह अपने जीवन में हमेशा सफलता हासिल करेगा। कुछ कामों के बिना दिन अधूरा माना गया है। अगर आप चाहते हैं कि आप अपना दिन अच्छे तरीके से व्यतीत करें तो रोजाना आपको यह पांच काम जरूर करने चाहिए।

श्लोक-

स्नानं दानं होमं स्वाध्यायो देवतार्तनम्।
यस्मिन् दिने न सेव्यन्ते स वृथा दिवसो नृणाम्।।

स्नान के साथ अपने दिन की करें शुरुआत

उपरोक्त श्लोक में इस बात का जिक्र किया है कि हर इंसान को अपने दिन की शुरुआत स्नान के साथ करना चाहिए। इससे आपका शरीर पवित्र हो जाता है। इतना ही नहीं बल्कि पूरे दिन आपके शरीर में एनर्जी भरपूर रहती है और आपका मन भी कामकाज में लगता है। अगर कामकाज में मन लगेगा तो आप अपने कार्य बेहतर तरीके से कर पाएंगे और कामयाबी मिलने की संभावना अधिक रहेगी।

अपनी श्रद्धा अनुसार रोजाना करें “दान”

गरुण पुराण के अनुसार, हर इंसान को रोजाना अपनी श्रद्धा के अनुसार दान अवश्य करना चाहिए क्योंकि जो व्यक्ति रोजाना नियमित रूप से दान करता है, उसके घर में कभी भी धन की कमी नहीं होती है। इतना ही नहीं बल्कि दान करने वाले व्यक्ति के घर में हमेशा सुख-संपत्ति बनी रहती है।

हवन और दीप जलाना

हर इंसान यही चाहता है कि उसके घर में हमेशा सुख-शांति बनी रहे। अगर आप भी चाहते हैं कि आपके घर में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह बना रहे और सुख-शांति आए तो आप रोजाना हवन कर सकते हैं। रोजाना विधि-विधान के साथ हवन करना बहुत ही शुभ माना जाता है इसके साथ ही देवता और तुलसी के पौधे के सामने दीपक जरूर जलाएं इससे भगवान की भी कृपा प्राप्त होती है।

रोजाना जप करें

गरुड़ पुराण के अनुसार, इंसान को रोजाना जप करना चाहिए, इससे मन शांत होता है। इतना ही नहीं बल्कि जप करने से शुभ फल की प्राप्ति भी होती है। इसलिए आप रोजाना कुछ समय निकालकर श्रद्धा और विश्वास के साथ जप जरूर कीजिए।

देवी-देवता की पूजा

जैसा कि हम सभी लोग जानते हैं हिंदू धर्म में किसी भी काम को करने से पहले देव पूजन करना शुभ माना गया है इसलिए रोजाना प्रातः काल स्नान करने के पश्चात भगवान की पूजा अर्चना के साथ भोग लगाना चाहिए। ऐसा करने से परिवार पर आने वाले सभी संकट खत्म हो जाते हैं।