आगरा के लड़के पर आया इंग्लैंड की छोरी का दिल, मुल्क छोड़कर युवती आई हिंदुस्तान, रचा ली शादी

प्यार एक ऐसा खूबसूरत एहसास है, जिसे सिर्फ प्यार करने वाला व्यक्ति ही समझ सकता है। प्यार किसी को भी, कहीं भी हो सकता है। प्यार की कोई उम्र नहीं होती। प्यार किसी जाति बंधन या फिर किसी क्षेत्र का मोहताज नहीं होता है। हम सभी लोगों ने अभी तक कई दिलचस्प मोहब्बत के किस्से सुने होंगे, लेकिन आज हम आपको अजब प्रेम की गजब कहानी के बारे में बताने जा रहे हैं। मोहब्बत की नगरी आगरा के रहने वाले युवक पर इंग्लैंड की छोरी का दिल आ गया। दोनों की मुलाकात सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी।

दोनों का अफेयर 3 साल तक चला, जिसके बाद दोनों ने परिवारों की सहमति के बाद शादी के पवित्र बंधन में बंधने का फैसला ले लिया। आपको बता दें कि अपने प्यार को पाने के लिए इंग्लैंड की युवती अपना मुल्क छोड़कर करीब 4000 किलोमीटर दूर बसे प्रेमी के पास आगरा पहुंच गई और हिंदू रीति रिवाज से शादी रचा ली। दोनों की शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही हैं।

इंग्लैंड की लड़की ने की आगरा के लड़के से शादी

दरअसल, आज हम आपको जिस प्रेम कहानी के बारे में बता रहे हैं यह इंग्लैंड की हैना हॉबिट और आगरा के पालेंद्र सिंह की है। दोनों ने हाल ही में हिंदू रीति रिवाज से शादी रचाई है। नव दंपति ने हर समय एक दूसरे का साथ देने और जन्म-जन्म का साथ निभाने का वादा किया है। पालेंद्र सिंह की उम्र 28 साल की है, जो आगरा के गाड़े का नगला गांव के रहने वाले हैं। सोशल मीडिया ऐप के माध्यम से वह 26 वर्षीय हैना हॉबिट के संपर्क में आए थे। दोनों सोशल मीडिया एप पर धर्म से जुड़ी हुई जानकारियां पॉडकास्ट के जरिए शेयर किया करते थे। इसी बीच दोनों की जिज्ञासा एक दूसरे के धर्म को जानने की हुई थी।

ऐसी है लव स्टोरी

आगरा की एक निजी कंपनी में सेल्स मैनेजर के तौर पर कार्यरत पालेंद्र सिंह ने अपनी लव स्टोरी का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि कोरोना की पहली लहर के दौरान सोशल मीडिया ऐप पर वह अपने पॉडकास्ट शेयर करते थे। उसी दौरान मैनचेस्टर की युवती हैना के संपर्क में आया और उसके बाद एक दूसरे के धर्म से जुड़े हुए विचार शेयर होते चले गए। उसके बाद इंस्टाग्राम की आईडी और टेलीग्राम की आईडी भी शेयर की और बात आगे बढ़ती चली गई। उन्होंने बताया कि इसी बीच दोनों की दोस्ती हुई थी और बहुत ही जल्द दोनों की दोस्ती प्यार में तब्दील हो गई। बता दें हैना पेशे से नर्स हैं।

पालेंद्र सिंह ने आगे बताया कि हमारे दोस्ती प्यार में कब बदल गई, हम दोनों को ही मालूम नहीं हुआ। किसी तरह से प्यार का इजहार हुआ, फिर 3 साल तक अफेयर चला और दोनों ने रिश्ते को नाम देने का फैसला किया। दोनों ने आपसी सहमति और दोनों परिवारों की सहमति के बाद यह निर्णय लिया कि अब शादी के बंधन में बंध जाएं। हैना और पालेंद्र की शादी हिंदू रीति रिवाज के साथ गाड़े का नगला के श्री शक्ति मंदिर पर संपन्न हुई। शादी के बाद मंदिर के महंत श्री विवेकानंद गिरी नाथ जी ने दोनों को आशीर्वाद दिया।

गाय का गोबर और दूध निकालना सीखेगी दुल्हन

मैनचेस्टर की रहने वाली हैना ने जब शादी में लाल जोड़ा पहना तो भारतीय नारी की तरह खूबसूरत लग रही थीं। वह हिंदू समाज के रीति-रिवाज को बारीकियों से समझने की कोशिश कर रही हैं। हैना ने बताया कि उसको भारतीय रीति रिवाज बहुत अच्छे लगते हैं और वह उनसे प्रभावित है। शादी के बाद वह धीरे-धीरे हिंदी सीखने की कोशिश करेंगी और भारतीय परिवार के परिवेश में ढलने का प्रयास करेंगी।

हैना ने बताया कि मैनचेस्टर के माहौल और यहां गांव के माहौल में बहुत अंतर है लेकिन वह हर परिस्थिति में ढलने की कोशिश करेंगी और जरूरत पड़ने पर अपने पति और परिवार वालों का हर काम में सहयोग करेंगी। इतना ही नहीं बल्कि उन्होंने यह भी बताया कि अगर वह गांव में रहती हैं तो वह गाय का गोबर के उपले बनाने और दूध भी निकालना सीखेंगी।