अस्पताल के बेड पर प्रेमी ने प्रेमिका की मांग में भरा सिंदूर, एक-दूजे को पहनाई वरमाला, देखें Video

शादी पूरी दुनिया में एक ऐसा बंधन होता है, जो पवित्र होने के साथ-साथ इस संसार के लिए भी बहुत महत्वपूर्ण है, जिसमें दो प्यार करने वाले एक नए रिश्ते में जुड़ जाते हैं। लेकिन यह रिश्ता प्यार और विश्वास के बल पर बनता है। ऐसा कहा जाता है कि शादी का बंधन सात जन्मों का होता है। आप सभी लोगों ने शादी से जुड़ी हुई बहुत ही खबरें पढ़ी होंगी लेकिन बिहार के अरवल में एक अनोखी शादी देखने को मिली है। यहां प्रेमी जोड़े ने अस्पताल के बेड पर शादी रचाई है।

जी हां, फिल्म विवाह की तरह अस्पताल में प्रेमी ने प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरा और बेड पर एक-दूजे को वरमाला पहनाई। हम सभी लोगों ने मंदिरों, कोर्ट कचहरी और पंचायत में शादी होते हुए देखा होगा लेकिन अरवल में यह बेहद एक अनोखी शादी देखने को मिली है। अस्पताल में मरीजों ने शादी का जयकारा लगाया। इस अनोखी शादी में अस्पताल के कर्मी और मरीज बराती के रूप में मौजूद थे। फिलहाल, इस अनोखी शादी की चर्चा जमकर हो रही है।

प्रेमिका को घुमाने ले गया था बाजार

आपको बता दें कि नीरज कुमार शहर के ठाकुर बिगहा गांव का रहने वाला है। नीरज दौलतपुर की रहने वाली अपनी प्रेमिका कौशल्या को बाइक पर बैठाकर बैदराबाद बाजार घुमाने ले गया था। तभी कार और बाइक की टक्कर हो गई। इस घटना में दोनों प्रेमी जोड़ा बुरी तरह से जख्मी हो गए थे। इसके बाद दोनों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा दोनों प्रेमी जोड़े का इलाज किया जा रहा था। फिर इस घटना की जानकारी प्राप्त होते ही लड़की के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।

परिजनों की मौजूदगी में हुई शादी

जब परिजनों ने अस्पताल पहुंचकर दोनों की स्थिति देखा तो उनका इलाज करवाया। युवक-युवती एक दूसरे से प्यार करते थे और घरवालों को बिना बताए चोरी छुपे मिला करते थे। बुधवार की देर शाम दोनों एक बाइक पर सवार होकर घर वापस लौट रहे थे। तभी अचानक कार और बाइक की टक्कर हो गई थी, जिसमें दोनों बुरी तरह से जख्मी हो गए थे। जब दोनों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा था, तो इसी दौरान इन दोनों के प्रेम कहानी की जानकारी दोनों के परिजनों को हुई। बाद में दोनों प्रेमी जोड़ा ने शादी का फैसला किया। इस घटना के बाद दोनों के घरवालों को इसकी जानकारी प्राप्त हुई। परिजनों की मौजूदगी में इलाज के दौरान ही प्रेमी जोड़े की शादी करा दी गई।


बिना लग्न और मुहूर्त के बुधवार 12:00 बजे रात में ही प्रेमी ने प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरा और सात जन्मों के लिए रिश्ते में बंध गए। सभी ने आशीर्वाद देते हुए भगवान के जयकारे भी लगाए। अस्पताल के बेड पर शादी होना एक चर्चा का विषय बना हुआ है। इसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रही हैं। सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि अस्पताल के बेड पर ही लड़का, लड़की की मांग में सिंदूर भरता हुआ नजर आ रहा है। वहीं वहां पर बहुत से लोग मौजूद हैं।