महान स्पिनर शेन वॉर्न का हार्ट अटैक से हुआ निधन, थाईलैंड के विला में मिले थे बेहोश

दुनिया के सबसे आक्रमक और खतरनाक स्पिन गेंदबाज की लिस्ट में शेन वार्न का नाम आता है। शेन वार्न 4 मार्च 2022 को इस दुनिया को हमेशा हमेशा के लिए छोड़ कर चले गए। 52 वर्ष की आयु में इनका निधन हो गया। ऐसा बताया जा रहा है कि शेन वार्न का निधन दिल का दौरा पड़ने से हुआ है। शेन वार्न थाईलैंड में मौजूद थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शेन वार्न अपने विला में मौजूद थे और उन्हें वहां पर अचेत पाया गया था।

शेन वार्न की टीम की तरफ से जारी बयान के अनुसार, उनकी मृत्यु थाईलैंड के कोह सामुई के एक विला में हुई। बयान में यह कहा गया कि शेन वार्न अपने विला में अचेत अवस्था में पाए गए थे। बाद में चिकित्सा कर्मचारियों के द्वारा पूरा प्रयास किया गया परंतु इसके बावजूद भी उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

महान स्पिनर शेन वार्न का नाम श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन के बाद टेस्ट मैच में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड है। बता दें मुरलीधरन ने टेस्ट में 800 विकेट लिए थे। वहीं शेन वार्न ने 1992 से 2007 तक 145 टेस्ट टेस्ट मैच खेले थे, जिसमें उन्होंने 25.41 की गेंदबाजी औसत से 708 विकेट अपने नाम किए थे। शेन वार्न ने 1993 से 2005 तक 194 वनडे में 293 विकेट लिए। साल 1999 क्रिकेट विश्व कप की विजेता ऑस्ट्रेलियाई टीम में शेन वार्न का बहुत अहम योगदान रहा था। टेस्ट और वनडे मैचों को मिलाकर 1000 से अंतरराष्ट्रीय विकेट लिए, इसके साथ ही शेन वार्न, मुरलीधरन के बाद दुनिया के दूसरे गेंदबाज बने थे।

1992 में किया था भारत के खिलाफ डेब्यू

1992 में शेन वॉर्न ने भारत के खिलाफ सिडनी टेस्ट से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। साल 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ सिडनी में ही शेन वॉर्न ने अपना आखिरी टेस्ट मैच खेला था। जब शेन वॉर्न रिटायर हुए थे तो उस समय के दौरान ऑस्ट्रेलियाई टीम के तीन अन्य खिलाड़ियों (मैकग्रा, डेमियन मार्टिन और जस्टिन लैंगर) ने भी संयास ले लिया था।

जब शेन वॉर्न ने क्रिकेट से संन्यास ले लिया तो उसके बाद वह हैम्पशायर काउंटी क्रिकेट क्लब के लिए फर्स्ट क्लास क्रिकेट खेलने लगे। इसके बाद 2008 में आईपीएल की टीम राजस्थान रॉयल्स के कोच और कप्तान की भूमिका उन्होंने निभाई थी और टीम को आईपीएल में चैंपियन बनाने वाले शेन वार्न ही थे।

शेन वॉर्न का करियर रहा था विवादों से भरा

टेस्ट मैच में 3000+ रन बनाने वाले दुनिया के इकलौते खिलाड़ी शेन वार्न थे लेकिन कभी उन्होंने शतक नहीं लगाया। शेन वार्न का करियर मैदान के बाहर कई विवादों में भी रहा है। शेन वार्न पर सट्टेबाजी के आरोप भी लग चुके हैं। इतना ही नहीं बल्कि उन पर प्रतिबंध भी लगा था, वह प्रतिबंधि पदार्थ का सेवन करने के भी दोषी पाए गए थे।

ट्वीट कर रोड मॉर्श के निधन पर जताया था शोक

आपको बता दें कि 4 मार्च 2022 को करीब 7:30 बजे शेन वॉर्न ने अपने ट्विटर हैंडल से आखिरी ट्वीट किया था। शेन वॉर्न ने अपने इस ट्वीट के माध्यम से रोड मॉर्श के निधन पर शोक व्यक्त किया था। शेन वॉर्न ने ट्वीट में यह लिखा था कि “रॉड मार्श के निधन के बारे में सुनकर काफी दुख हुआ। वह हमारे खेल के महान खिलाड़ी थे और युवा लड़के और लड़कियों के लिए वह एक प्रेरणास्रोत थे। रॉड को क्रिकेट की काफी चिंता थी और उन्होंने खास तौर पर ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के खिलाड़ियों को काफी कुछ दिया। रॉड और उनके परिवार को बहुत प्यार। ईश्वर तुम्हारी आत्मा को शांति दे।”